वार्ता विफल, डल्लेवाल और पंधेर पुलिस हिरासत में : किसानों और केंद्र के बीच चल रही 7वीं वार्ता में कोई हल नहीं निकलने पर बुधवार देर शाम टकराव की स्थिति बन गई। चंडीगढ़ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक के बाद किसान जब शंभू और खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, तभी पंजाब पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को एंबुलेंस समेत ही संगरूर में अपनी निगरानी में ले लिया। डल्लेवाल भी बैठक में भाग लेने के लिए चंडीगढ़ आए थे। इनके साथ ही किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवण सिंह पंधेर को भी मोहाली में पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनके अलावा आंदोलन की अगुवाई कर रहे किसान नेता काका सिंह कोटड़ा, अभिमन्यु कोहाड़, मनजीत राय और ओंकार सिंह को भी निगरानी में लिया गया है। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच झड़प भी हुई। वहीं, देर रात पुलिस ने खनौरी और शंभू बॉर्डर को भी किसानों से खाली करवा लिया। बॉर्डर पर जो पक्के मोर्चे बनाए गए थे, उन्हें जेसीबी से तोड़ दिया गया। बता दें कि पिछले 13 महीने से शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन चल रहा है। किसानों की एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत 13 मांगें हैं।
पुलिस फोर्स बढ़ी, इंटरनेट बंद
किसान नेताओं को हिरासत में लेने की सूचना पर बॉर्डर पर डटे किसानों में भी रोष देखा जा रहा है। एहतियात के तौर पर शंभु और खनौरी बॉर्डर पर हरियाणा की ओर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कई जिलों में इंटरनेट बंद होने की सूचना है।
बॉर्डर बंद होने से पंजाब को भारी नुकसान हो रहा : वित्त मंत्री
पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के बॉर्डर बंद होने से लगातार राजस्व का नुकसान हो रहा है। इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान हुआ है। हम राज्य से नशा खत्म करना चाहते हैं। नशे को तभी खत्म किया जा सकता है जब बेरोजगारी खत्म होगी। बॉर्डर पर धरने की वजह से इंडस्ट्री को नुकसान हो रहा है, जिससे बेरोजगारी बढ़ रही है। इस वजह से आज की कार्रवाई की गई।
जेसीबी चलाकर बॉर्डर से हटाए किसानों के मोर्चे
पंजाब सरकार ने एहतियात के तौर पर खनौरी बॉर्डर, संगरूर और पटियाला जिला के आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। खनौरी में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। हरियाणा की ओर भी पुलिस अलर्ट हो गई है। खनौरी बॉर्डर पर हरियाणा की तरफ पुलिस की 4 कंपनियां सुरक्षा में लगाई गई है। वहीं, देर रात पंजाब पुलिस ने किसानों को शंभू और खनौरी बॉर्डर से हटा दिया। कुछ किसानों को हिरासत में भी लिए जाने की सूचना है। शंभू बॉर्डर पर जेसीबी चलाकर किसानों के पक्के मोर्चे तोड़ दिए गए। खनौरी बॉर्डर से भी शेड हटाए गए।