Punjab Police Fake Drug Smuggling Case: पंजाब पुलिस के 12 जवानों के खिलाफ राजस्थान में FIR हुई है। कोर्ट के आदेश पर जोधपुर के झंवर थाने में दर्ज इस FIR में बताया गया कि पंजाब पुलिस के जवान जोधपुर बस स्टैंड से युवक को जबरन उठा ले गए और 15 लाख मांगे। न देने पर नशा तस्करी के झूठे केस में फंसा दिया है।

जोधपुर पुलिस ने लुधियाना पुलिस के ASI सुबेग सिंह, कॉन्स्टेबल मनजिंदर सिंह, गुरुपिंदर सिंह, सुखदीप सिंह, बसंतलाल, धनवंत सिंह, हरप्रित सिंह, सतनाम सिंह और ASI राजकुमार सहित 12 लोगों को आरोपी बनाया है।

पंजाब पुलिस की गिरफ्त में है मनवीर
झंवर थानाधिकारी मूलाराम ने बताया कि लुधियाना के हेमनगर जोलियाली निवासी प्रेमाराम ने 7 दिन पहले जोधपुर कोर्ट में याचिका दायर की थी। बताया कि पंजाब पुलिस के यह जवान उनके बेटे मनवीर विश्नोई (22) को जोधपुर से उठा ले गए हैं। घर उसे छोड़ने के बदले 15 लाख मांग रहे थे, न देने पर मनवीर के खिलाफ ड्रग स्मगलिंग का केस दर्ज कर दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, मनवीर पंजाब पुलिस की गिरफ्त में ही है।

8 मार्च को लुधियाना में दर्ज कराई गुमशुदगी
प्रेमाराम ने कोर्ट को बताया कि घटना 6 मार्च की है। उनका बेटा 3 साल से जयपुर में रहकर काम्पटीशन की तैयारी कर रहा है। मार्च में घर आया था। 6 मार्च को जोधपुर के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। फोन भी बंद है। 8 मार्च को लुधियाना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने नंबर ट्रेस किया तो उसकी आखिरी लोकेशन बीकानेर में मिली।

8 मार्च को झूठे केस में फंसने की धमकी
8 मार्च को मनवीर की बहन को फोन आया। इसमें मनवीर को छोड़ने के बदले 15 लाख की डिमांड की गई। कॉलर ने एकाउंट नंबर देकर उसमें रुपए ट्रांसफर करने को कहा। प्रेमाराम को फोन करके भी 15 लाख मांगे गए और न देने पर झूठे केस में फंसने की धमकी दी। लुधियाना पुलिस का नंबर बंद मिला तो जोधपुर के झंवर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

2 किलो अफीम के साथ पकड़ने का दावा 
प्रेमाराम ने बताया कि 9 मार्च को लुधियाना पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर मनवीर को 2 किलो अफीम के साथ पकड़ने का दावा किया। कहा, फीस भरने के लिए वह नशा तस्करी करने लगा था। 8 मार्च को लुधियाना बस स्टैंड में अफीम सप्लाई के लिए खड़ा था। उसके बैग से 2 किलो अफीम बरामद करने का दावा भी किया गया।  

CCTV फुटेज चेक से सामने आई हकीकत 
प्रेमाराम ने पंजाब-जोधपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा के CCTV फुटेज चेक कराए। जोधपुर-बीकानेर मार्ग के टोल से मिली फुटेज में देखा कि लुधियाना पुलिस मनवीर को इनोवा से ले जा रही है। यह फुटेज 7 मार्च की है। इसमें वही पुलिसकर्मी थे, जो प्रेसनोट के साथ जारी फोटो में थे। 2 माह चक्कर काटने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो फुटेज के साथ प्रेमनरायण ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।