Ayodhya Dushkarm Case: अयोध्या के भदरसा दुष्कर्म मामले में सियासत तेज है। योगी सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़िता से मुलाकात की। जबकि, समाजवादी पार्टी ने लखनऊ कार्यालय में प्रेसवार्ता कर दोषियों को फांसी दिए जाने की मांग की है। सपा के सीनियर नेताओं ने इस दौरान मामले की निष्पक्ष जांच किए जाने व निर्दोषों पर कार्रवाई न करने की मांगें भी उठाई है। उन्होंने बीएचयू दुष्कर्म केस के आरोपियों की CM संग फोटो दिखाकर आरोपों का जवाब देने की कोशिश की। 

निर्दोषों को न फंसाया जाए:  तेज नारायण 
सपा कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ने कहा, घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। आरोपियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए, लेकिन घटना की निष्पक्ष जांच हो। बिना जांच के निर्दोषों को न फंसाया जाए।  

पीड़िता से मुलाकात के बाद बोले BJP नेता 

  • भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में मंत्री नरेंद्र कश्यप के अलावा राज्यसभा सांसद बाबू राम निषाद, संगीता बलवंत, विधायक वेद प्रकाश गुप्त शामिल रहे। पीड़िता से मुलाकात के बाद सांसद संगीता बलवंत ने कहा, भाजपा सरकार में अपराधी बख्से नहीं जाएंगे। अयोध्या मामले में सपा के नेता शामिल हैं, लेकिन उनका निष्कासन नहीं किया गया। जनता ने उन्हें लोगसभा में समर्थन क्या दे दिया, अपराधी बेखौफ हो गए, लेकिन भाजपा सरकार में सबको सबक सिखाया जाएगा। 
  • भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को आश्वास्त किया है कि किसी भी धमकी से डरने की जरूरत नहीं है। कोई समस्या होने पर हमसे संपर्क करें। पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन भी पीड़िता के घर पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल जाने की बात भी कही है। 

जिलाध्यक्ष बोले-सपा पीड़ित परिवार के साथ 
सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा, हमारी पार्टी पीड़ित के परिवार के साथ है। सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़िता और उनके परिजनों से मिलना चाहता है। लेकिन एक नेता ने मिलने पहुंचा तो उस पर मुकदमा दर्ज करा दिया। प्रशासन पर कैसे कोई भरोसा करे। इस दौरान हाजी फिरोज खान गब्बर, श्यामकृष्ण श्रीवास्तव, बलराम मौर्या, हामिद जाफर मीसम, रक्षाराम यादव और शमशेर यादव भी मौजूद रहे।

पीड़ित परिवार से मिले बसपा प्रदेश अध्यक्ष 
बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा, सपा की संवेदना दुष्कर्म पीड़िता के साथ नहीं है। वह अपराधी का बचाव कर रही है। डीएनए टेस्ट की मांग कर अखिलेश यादव क्या संदेश देना चाहते हैं। इनके पीडीए की सच्चाई भी सामने आ गई है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष शनिवार को मायावती के निर्देश पर दुष्कर्म पीड़िता के गांव जाकर परिवार से मिले। कहा, हमारी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। न्याय में देरी के लिए उन्होंने योगी सरकार पर सवाल उठाए। कहा, डेढ़ माह तक पुलिस ने बेटी की आवाज नहीं सुनी। विरोध प्रदर्शन के बाद एफआईआर हुई है। 
 

गाजीपुर सांसद अफजल अंसारी बोले-

  • गाजीपुर से सपा सांसद अफजल अंसारी ने कहा, इस विषय पर अखिलेश यादव अपनी बात कह चुके हैं। लोकसभा चुनाव के बाद से यूपी में जघन्य अपराध बढ़े हैं, लेकिन अयोध्या की घटना को ही इतना हाईलाइट क्यों किया जा रहा? अयोध्या में उप चुनाव होने वाले हैं। 
  • आरोपी को अयोध्या सांसद अवधेश से जोड़ देना कितना उचित है? ऐसा जघन्य अपराध कोई करेगा तो कार्रवाई होगी, लेकिन इससे पार्टी या नेता को जोड़कर राजनीतिक फायदा उठाना ठीक नहीं। 
  • गाजीपुर सांसद अंसारी ने कहा, अयोध्या की घटना की जितनी निंदा की जाए कम है, लेकिन क्या इसकी आड़ में गाज़ीपुर की ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म भूल जाएंगे। दुष्कर्म की उन घटनाओं का भी जिक्र नहीं करेंगे, जिसमें हिस्ट्रीशीटर अशोक सिंह बिल्लू समेत अन्य भाजपा से जुड़ें आरोपी शामिल  हैं।