Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के कई ज‍िलों में बाढ़ से हालात खराब हैं। लखीमपुर खीरी के सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ का गांवों में पानी घुस चुका है। बाढ़ के बीच एक दिल को झकझोर देने देने वाला मामला सामने आया है। बीमार बहन की अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में मौत हो गई। बाढ़ की वजह से सारे रास्ते बंद थे। ऐसे हालात में बहन के शव को कंधे पर लादकर दो भाई 5 किमी पैदल चलकर घर पहुंचे। एक भाई थकता तो दूसरा बहन के शव को कंधे पर लादकर चलने लगता। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

जानें पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक, मैलानी थाने के एलनगंज महाराज नगर की शिवानी 12वीं की छात्रा थी। पलिया में रहकर पढ़ाई करने वाली शिवानी की दो दिन पहले तबीयत बिगड़ी। टाइफाइड होने पर शिवानी को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ी तो डॉक्टरों ने शिवानी को लखीमपुर रेफर कर दिया। लखीमपुर ले जाते समय रास्ते में ही शिवानी ने दम तोड़ दिया।  बाढ़ की वजह से आगे बंद था तो दोनों भाई शव को पैदल लेकर घर लेकर पहुंचे। 

सिस्टम की पोल खोलता ये वीडियो
मानवता को शर्मसार करने वाले वीडियो में दिख रहा है कि दोनों भाई जब थक जाते तो शव को जमीन पर रखकर थोड़ी देर आराम करते। फिर आंखों में आंसू और शव कंधे पर लेकर निकल पड़ते। शव को लेकर पैदल चलते-चलते दोनों को घर पहुंचने में करीब 2 घंटे लगे। घटना बुधवार की है, लेकिन वीडियो आज सामने आया है।

150 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में 
लखीमपुर खीरी के 150 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से पूरे जिले में बाढ़ आई है। रास्ते ब्लाक हैं। पलिया, निघासन, फूलबेहड़, धौरहरा और बिजुआ क्षेत्र के गांव में जलस्तर अब भी कम नहीं हुआ है। हालात इतने बदतर हैं कि लोगों का जनजीवन प्रभावित है। लोग आना-जाना भी नहीं कर पा रहे हैं।