Kannauj Encounter Latest Updates: उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर है। कन्नौज जिले में हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर दबंगों ने हमला बोल दिया। पूर्व प्रधानपति और हिस्ट्रीशीटर ने ताबड़तोड़ करीब 30 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से एक सिपाही की मौत हो गई। जवाब में पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए करीब 10 राउंड फायरिंग की। चार घंटे चली मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी, उसके बेटे को गोली मारकर घायल कर दिया। इसके बाद उन्हें पकड़कर अस्पताल पहुंचाया। आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है। मृतक सिपाही के परिजनों को सूचित किया गया है। पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। 

कन्नौज का यह पूरा मामला कानपुर के बिकरु कांड जैसा है। 2 जुलाई 2020 को बिकरु गांव में पुलिस टीम अपराधी विकास दुबे को पकड़ने गई थी। लेकिन विकास दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया था। इस हमले में सीओ समेत 8 पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। बाद में पुलिस ने विकास दुबे समेत कई अपराधियों का एनकाउंटर किया था। 

Kannauj Encounter Case

कन्नौज में क्या-क्या हुआ?
दरअसल, कन्नौज के विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के धरनीधरपुर नगरिया गांव में पुलिस टीम सोमवार की शाम चार बजे वारंट लेकर पहुंची थी। गांव निवासी पूर्व प्रधान श्यामादेवी के हिस्ट्रीशीटर पति अशोक कुमार उर्फ मुन्ना यादव के खिलाफ छिबरामऊ कोतवाली समेत कई थानों में 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। छिबरामऊ कोतवाली और विशुनगढ़ थाने की पुलिस हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने के लिए दरवाजा खुलवाने की कोशिश कर रही थी। तभी घर के अंदर से अचानक फायरिंग शुरू हो गई। तभी विशुनगढ़ थाने के सिपाही सचिन राठी की जांघ में गोली लगी। सचिन जमीन पर गिर पड़ा। 

भागने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी पिता-पुत्र
पुलिसवालों ने सचिन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मंगलवार को मौत हो गई। उधर, मामले की गंभीरता देख एसपी अमित कुमार आनंद, एएसपी डॉक्टर संसार सिंह, सीओ सदर डॉक्टर प्रियंका वाजपेयी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घर को चारों तरफ से घेर लिया गया। चार घंटे तक आरोपी घर के भीतर से पुलिसवालों पर फायरिंग करता रहा। अंधेरा होने पर आरोपी अशोक यादव और उसके बेटे रिंकू ने भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस की गोली लगने से दोनों घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। 

एसपी अमित कुमार ने बताया कि घर के भीतर से अशोक और उसके बेटे रिंकू ने पुलिस पर गोलियां चलाईं। दोनों के पैर में गोली लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, पूर्व प्रधान को भी गिरफ्तार किया गया है।