Kanwar Yatra Moradabad: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। मुरादाबाद मंडल के DIG मुनिराज-जी कांवड़ रूट का जायजा लेने रविवार सुबह 6 बजे साइकिल से निकले और 70 किमी तक साइकिल से सफर कर सुरक्षा व्यवस्था जांची। उन्होंने डीआईजी ने कांवड़ यात्रियों से चर्चा की। पुलिस जवानों से भी फीडबैक लिया। 

DIG मुनिराज-जी ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर रूट डायवर्जन का जायजा लिया। वह सुबह 6 बजे मुरादाबाद से निकले और अमरोहा होते हुए ब्रजघाट तीर्थ नगरी (70 किमी) पहुंचे। दोपहर में 12:30 बजे लौटकर मुरादाबाद पहुंचे। पुलिस अफसरों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी मुनिराज जी रविवार सुबह अचानक साइकिल से अमरोहा पहुंचे, तो हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी अलर्ट हो गए। ब्रजघाट तीर्थनगरी में उन्होंने कांवड़ यात्रियों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही पुलिस जवानों को दिशा-निर्देश दिए। कहा,  लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

ब्रजघाट तीर्थ नगरी से रामपुर, बरेली, मुरादाबाद, संभल, बदायूं समेत आसपास के हजारों शिव भक्त जल लेने आते हैं। सावन सोमवार के चलते कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। रविवार रात यह संख्या और बढ़ने की संभावना है, ऐसे में डीआईजी ने पुलिस अफसरों को अलर्ट किया है।  

30 जगह पुलिस बल तैनात, ड्रोन से निगरानी 
अमरोहा जिले में कांवड़ यात्रा मार्ग पर 30 जगह पुलिस बल तैनात किए गए हैं। कांवड़ियों की भेषबुसा में भी कुछ पुलिसकर्मी तैनात हैं। जो घूम घूमकर यात्रा पर निगरानी करते हैं। इसके अलावा ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। लखनऊ से आए एटीएस के जवानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।