Terrorist Pannu Threatened CM Yogi Adityanath: खालिस्तान समर्थक और सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी है। पन्नू ने धमकी एक ऑडियो मैसेज भेजकर दी है। इसमें कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में हो रहे राम मंदिर समारोह में आपको (सीएम योगी आदित्यनाथ) सिख फॉर जस्टिस से कोई बचा नहीं पाएगा। जरूरत पड़ने पर राजनीतिक हत्याएं करेंगे। एसएफजे की तरफ से इसका जवाब दिया जाएगा। 

यूके में मिली वॉइस रिकॉर्डिंग की लोकेशन
आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने उन तीन संदिग्धों का भी जिक्र किया, जिन्हें उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (Uttar Pradesh Anti-terrorism Squad-ATS) ने अयोध्या में पकड़ा है। पन्नू ने कहा कि पुलिस ने अयोध्या में खालिस्तान समर्थक 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उनके खिलाफ झूठा केस बनाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम योगी वॉइस रिकॉर्डिंग के जरिए धमकी भेजी गई। रिकॉर्डिंग की लोकेशन यूनाइटेड किंगडम में मिली है। फिलहाल, अब सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार तीन युवकों से पूछताछ करने वाली है। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

नाइट विजन डिवाइस से रखी जा रही नजर
डीजी प्रशांत कुमार ने पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक इनका किसी आतंकी संगठन से संबंध सामने नहीं आया है। राज्य सरकार ने शहर भर की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए नाइट विजन डिवाइस (एनवीडी) और सीसीटीवी कैमरे जैसी तकनीकों को शामिल किया है। अयोध्या के आईजी प्रवीण कुमार ने एएनआई को बताया कि सुरक्षा के लिए एनवीडी, इंफ्रारेड कैमरे और सीसीटीवी सहित सभी प्रकार की प्रौद्योगिकियों को ड्रोन में शामिल करने का प्रयास किया है।

जानिए कैसी है सीएम योगी की सिक्योरिटी?
योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के साथ गोरखपुर में गुरु गोरक्षनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर हैं। वे नाथ संप्रदाय से हैं। उनकी सुरक्षा में एनएसजी के 25 कमांडो हर समय रहते हैं। तीन शिफ्ट में इनकी ड्यूटी बदलती है। इस तरह कुल मिलाकर 75 एनएसजी कमांडो तैनात हैं। सीएम योगी को जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। उनके काफिले में 5 बुलेटप्रूफ गाड़ियां शामिल हैं। 

आतंकी पन्नू पहले भी सीएम योगी आदित्यनाथ को धमकी दे चुका है। 

2 साल पहले भी पन्नू ने दी थी धमकी
आतंकी पन्नू ने 2 साल पहले भी सीएम योगी आदित्यनाथ को धमकी दी थी। उसने वाइस रिकॉर्डिंग के जरिए कहा था कि वह 15 अगस्त को लखनऊ विधानसभा पर सीएम योगी को झंडा फहराने नहीं देगा। उसने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। 

हाल ही में उसने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को धमकी दी कि वह 26 जनवरी को उन पर हमला कराएगा। इसके लिए उसने पंजाब के गैंगस्टर्स को साथ आने के लिए कहा। 

कौन है पन्नू?
गुरपतवंत सिंह पन्नू पेशे से एक वकील है। साथ ही खालिस्तान आंदोलन के मुख्य नेताओं में से एक है। वह पंजाब से अलग एक धर्म आधारित अलग राज्य की वकालत करता है। वह सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) की लीगल एडवाइजर भी है। पन्नून का जन्म अमृतसर के खानकोट गांव में हुआ था। जुलाई 2020 में, गृह मंत्रालय ने राजद्रोह के आधार पर पन्नूं को आतंकवादी घोषित किया और उसके लिए इंटरपोल रेड नोटिस जारी करवाया। पन्नू संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखता है।