Aligarh News: दो लड़कियां एक दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करती थीं। दोनों शादी करके साथ जीना-मरना चाहती थीं। दोनों के परिवार इस रिश्ते से राजी नहीं थे। परिजनों ने दोनों को दूर रहने की नसीहतें दी। दोनों ने भागने की भी प्लानिंग की, लेकिन गुजारे के लिए पैसे नहीं थे। आखिर में परेशान होकर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर दोनों राजधानी एक्सप्रेस के सामने खड़ी हो गईं। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों के शव कई टुकड़ों में रेलवे ट्रैक पर मिले। हैरान करने वाली घटना अलीगढ़ के दाउद खां रेलवे स्टेशन के पास की है।

जानें पूरी कहानी
बुधवार शाम 6 बजे हुई घटना के बाद पुलिस और GRP पहुंची। जांच पड़ताल के बाद आत्महत्या करने की वजह सामने आई। पुलिस के मुताबिक, महुआखेड़ा के कोछोड़ की रहने वाली तनु (20) लड़की की तरह रहती थी। तनु BSc कर रही थी। LLB की पढ़ाई कर रही गांधीपार्क के नगला माली निवासी खुशबू (22) लड़कों जैसी ड्रेस पहनती और बाल भी लड़कों की तरह रखती थी। दोनों काफी समय से समलैंगिक रिश्ते में थीं और साथ जीवन जीना चाहती थीं। 

समलैंगिक रिश्ते में थीं दोनों 
दोनों के रिश्ते के बारे में जब परिजनों को पता चला तो दोनों को दूर रहने की नसीहत दी। दोनों साथ जीना चाहती थीं, लेकिन परिजनों से परेशान होकर दोनों ने सुसाइड कर लिया। घटना के बाद दोनों के परिवार पहुंचे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों छात्राओं के बीच समलैंगिक रिश्ते थे। आत्महत्या का मामला लग रहा है। बाकी जांच, परिवार को बयान आदि जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।