Lok Sabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश की भदोही लोकसभा सीट से डॉ. विनोद कुमार बिंद को उम्मीदवार बनाया है। वह अभी निषाद पार्टी के विधायक हैं। गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी ने भी मध्य प्रदेश की छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। 

कौन हैं डॉ विनोद बिंद 

  • विनोद बिंद मिर्जापुर जिले की मझवां सीट से निषाद पार्टी के MLA हैं। वह बीजेपी के सिंबल पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इसी तरह निषाद पार्टी के प्रवीण निषाद भी भाजपा के सिंबल पर संत कबीर नगर से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। 
  • 2022 के विधानसभा चुनाव में डॉ. विनोद बिंद सपा से टिकट मांग रहे थे। लंबे समय तक प्रचार भी किया, लेकिन आखिरी समय में निषाद पार्टी ज्वाइन कर मिर्जापुर की मझवां सीट से एनडीए प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की थी। 
  • डॉ. विनोद दिसंबर 2022 में वाराणसी और जून 2023 में भदोही टोल प्लाजा पर हुए विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रहे। दोनों मामलों में उनके समर्थकों पर मुकदमे दर्ज हुए थे। 


मछलीशहर बीपी सरोज, प्रयागराज से नीरज त्रिपाठी
भाजपा ने 10 अप्रैल को भी उत्तर प्रदेश की सात सीटों पर उम्मीदार घोषित किए थे। मछलीशहर की आरक्षित सीट से भाजपा ने बीपी सरोज, बलिया से वीरेंद्र सिंह मस्त की जगह पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर, गाजीपुर से पारसनाथ राय, प्रयागराज से रीता बहुगुणा की जगह नीरज त्रिपाठी और कौशांबी (सुरक्षित) सीट से विनोद सोनकर और फूलपुर से प्रवीण पटेल उम्मीदवार बनाए गए हैं।  

सागर से भगवती प्रसाद, विदिशा से केएल लड़िया BSP प्रत्याशी 
बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने बुधवार को MP की 6 सीटों पर प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी की है। सागर संसदीय क्षेत्र से भगवती प्रसाद, विदिशा से केएल लड़िया, देवास से राजेंद्र चोकोटिया, उज्जैन से प्रकाश चौहान, धार से धूम सिंह मंडलोई और खंडवा से मुन्ना लाल तेजी प्रत्याशी बनाए गए हैं।