Bahraich Crime News: 15 साल की लड़की की उसके ही घर में फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई। पीठ-गर्दन पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। घर के आंगन में खून से सना फावड़ा भी पड़ा मिला। घर से 200 मीटर दूर भाई का शव पेड़ से लटकता मिला। गांव के चौकीदार का बेटा शनिवार रात को लड़की के घर पहुंचा तो खून से लथपथ शव देखकर हैरान रह गया। भाई का शव घर से दूर पेड़ पर लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और शव को उतरवाया। घटना बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र के थैलिया के मजरा बदुवापुर गांव की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

बहन और भाई परिवार से अलग रहते थे 
पुलिस के मुताबिक,भाई-बहन अलग घर में रहते थे, जबकि उनकी मां, भाई और भाभी अलग घर में रहते थे। लड़की घर में सबसे छोटी थी। घटना के बाद से मां, बड़ा भाई-भाभी फरार हैं। जानकारी के मुताबिक, बहन-भाई का अपनी मां और बड़े भाई से बनती नहीं थी। पिता की मौत कई साल पहले हो चुकी है। पुलिस ने भाई-बहन के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को लग रहा है कि आपसी विवाद में भाई ने पहले बहन की हत्या कर दी। इसके बाद सुसाइड किया है। हालांकि मां, भाई और भाभी क्यों फरार हैं? ये बड़ा सवाल है। जांच के बाद ही असल वजह पता चल पाएगी।

लड़की का एक लड़के से चल रहा था प्रेम-प्रसंग 
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि किशोरी का एक लड़के के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कई दिन पहले किशोरी उसके साथ घर से भाग गई थी। 8 दिन बाद घर लौटी थी। लड़की का प्रेमी अभी जेल में है। पुलिस को शक है कि शायद इसी घटन के बाद भाई ने पहले अपनी बहन की हत्या की। इसके बाद खुद फंदे से लटक कर जान दे दी। फिलहाल पुलिस मां, भाई और भाभी की तलाश कर रही है, ताकि मामले का सच सामने आ सके।