UP Weather: उत्‍तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तेज धूप और लू के चलते पारा 42 डिग्री के पार हो गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, वाराणसी और मेरठ सहित कई जिलों में तेज लू चल सकती है। इसके बाद फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। एक दो दिन लू के बाद तेज आंधी का दौर शुरू होगा। 

अयोध्या सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश में सोमवार को फिर दोपहर में तेज धूप देखने को मिली। वहीं रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला अयोध्या रहा, यहां 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जबकि  प्रयागराज में 42.6, वाराणसी में 42.3, बस्ती में 42 डिग्री रहा। गोरखपुर में 41.2, बलिया और बहराइच में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 40 पार रहा। वहीं न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर में 18.6 डिग्री रहा। तेज रफ्तार लू के बीच चलना राहगीरों के लिए मुश्किल हो गया। 

प्रदेश के 32 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 32 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है, इसमें  लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, वाराणसी, मेरठ,बांदा, चित्रकूट,कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, सुल्तानपुर,  लखीमपुर खीरी और अंबेडकर नगर शामिल हैं। 

कानपुर से जारी होगा मई का हीट इंडेक्स
मौसम विभाग ने बताया कि कानपुर से ही पूरे प्रदेश के लिए हीट इंडेक्स मई माह से जारी किया जाएगा। हीट इंडेक्स में तापमान के आधार पर बताया जाएगा कि आज का अधिकतम तापमान मानव शरीर पर किस तरह के प्रभाव छोड़ेगा। रेड, ऑरेंज और येलो के हिसाब से गर्मी को लेकर अलर्ट भी जारी किए जाएंगे।

अभी राहत की संभावना नहीं
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि फिलहाल तेज लू से राहत नहीं मिलेगी। अगले 48 घंटों में हीट वेव का रूप और खतरनाक हो सकता है। लगातार तापमान चढ़ने से यदि कम दबाव का क्षेत्र बनता है तो ऐसे में या तो लू की रफ्तार बढ़ जाएगी या आंधी आ सकती है।

तेज लू से मुरझाए चेहरे 
मौसम का मिजाज रविवार को फिर तल्ख हो गया। तेज रफ्तार चली लू ने चेहरे मुरझा दिए। प्रयागराज में सुबह से ही शुरू हुई गर्म हवाएं (हीट वेव) शाम तक जारी रहीं। तापमान शनिवार की तुलना में आंशिक उछाल के साथ 42.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज धूप के बीच 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक हीट वेव जारी रहने की संभावना जताई है।