Varanasi Road Accident: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर खरीदकर मां शीतला धाम पहुंचे। पूजा-अर्चना कर घर लौटते समय एक्सीडेंट हो गया। शुक्रवार (7 फरवरी) को सड़क पर दौड़ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। पिता-पुत्र और युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए। बाइक से गुजर रहे युवक की सूचना पर ग्रामीण और पुलिस पहुंची। घायलों को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक्सीडेंट बड़ागांव थाना क्षेत्र के औसानपुर गांव में हुआ।

हादसे में इनकी हुई मौत 
जानकारी के मुताबिक, औसानपुर गांव निवासी रामदुलार राम उर्फ भोनू (62) ने शुक्रवार को मोहनसराय से सेकेंड हैंड ट्रैक्टर खरीदा। रामदुलार अपने पुत्र मन्नू राम (35) और भतीजे विनोद राम (45) के साथ ट्रैक्टर लेकर अदलपुरा स्थित शीतला धाम पहुंचे। मां के दर्शन किए। पूजा-अर्चना के बाद रात 1 बजे वहां से लौट रहे थे। घर से पहले मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। 

इसे भी पढ़ें:  वाराणसी में भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार खड़ी बस में घुसी; संगम स्नान कर महाकुंभ से लौट रहे ससुर-दामाद की मौत

घर में मची चीख-पुकार 
ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। सभी को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार में तीन लोगों की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। रामदुलार के तीन पुत्र थे, जिनमें से एक की उनके साथ ही मौत हो गई। मन्नू राम के चार पुत्र व एक पुत्री और विनोद के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं।

बरेली: शादी के बाद दूल्हे की सड़क हादसे में मौत 
बरेली में भीषण हादसा हुआ। शादी के बाद दूल्हा दोस्तों और रिश्तेदार के साथ मिठाई लेने जा रहा था। ढाबे के पास खड़े ट्रक से कार टकरा गई। हादसे में दूल्हा सतीश की मौत हो गई। कार में बैठे बिजनेश, रोहित और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। दुल्हन बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। दूल्हे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुआ।