दिल्ली में गणेश उत्सव के जश्न की तैयारियां शुरू, बप्पा के इन भव्य पंडालों का अवश्य दीदार करें...

05 Sep 2024

राजधानी दिल्ली में गणेश उत्सव के लिए पंडाल सजने लगे हैं। अब 10 दिनों तक दिल्ली में भी गणपति पर्व की धूम रहेगी।

गणेश पंडालों में भगवान गणेश की सुंदर और भव्य मूर्तियां स्थापित की जाती हैं। यहां दर्शन के लिए लोग परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचते हैं।

बप्पा के पंडाल में अलग-अलग थीम देखने को मिलेगी। पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है।

वैसे तो दिल्ली के हर चौराहे और नुकड़ पर बप्पा के छोटे-बड़े पंडाल देखने को मिल जाएंगे। आगे बताते हैं बप्पा के विशाल पंडालों के बारे में...

बुराड़ी में संत निरंकारी समागम के पास DDA ग्राउंड में विशाल पंडाल लगाया जाता है। यहां 7 से 16 सितंबर तक गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पंडाल की खासियत यह है कि मुंबई में लालबाग के राजा की मूर्ति की तरह यहां भी भव्य मूर्ति सजाई गई है।

मयूर विहार फेज 1 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित मंदिर में भी हर साल भगवान गणेश का खास पंडाल सजता है। गणेश उत्सव के दौरान आपको इस पंडाल में जाकर भी बप्पा के दर्शन करने चाहिए।

कनॉट प्लेस का गणेश मंदिर भी सजाया जा रहा है। यहां भी एक विशाल पंडाल में बप्पा की मूर्ति सजाकर अराधना की जाती है। यहां का दृश्य देखकर आप पूरी तरह से आस्था के रंग में डूब जाएंगे।