Pakistan Train Hijack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत में अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने मंगलवार (11 मार्च) को एक यात्री ट्रेन हाईजैक (Train Hijack) कर ली। उग्रवादियों ने इस दौरान 20 सैन्यकर्मियों मार गिराया है। ट्रेन ड्राइवर भी घायल हो गया है। बंधक बनाई गई ट्रेन जाफ़र एक्सप्रेस (Jaffar Express) में 400 से अधिक यात्री सवार थे। महिला और बच्चों को छोड़ दिया गया है। 180 से अधिक यात्री बंधक बना लिए गए हैं।  

पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने घटना की निंदा करते हुए कहा, निर्दोष यात्रियों पर गोलीबारी करने वाले जानवर किसी भी रियायत के हकदार नहीं हैं। सरकार ने सिबी अस्पताल में आपातकाल लगा दिया है।

Pakistan Train Hijack: क्वेटा से पेशावर जा रही थी ट्रेन 
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही जाफ़र एक्सप्रेस पर हमला हुआ है। बंधक बनाए गए लोगों में पाकिस्तानी सेना, पुलिस, आतंकवाद निरोधक बल (ATF) और इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के कर्मचारी शामिल हैं। यह लोग छुट्टी पर पंजाब जा रहे थे।

182 को बंधक बनाए जाने का दावा 
बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने मंगलवार शाम 6 बजे नया बयान जारी किया है। इसमें 182 लोगों को बंधक बनाए जाने और 11 सैन्यकर्मियों को मार गिराने का दावा किया गया है। बीएलए की ओर से यह भी बताया गया कि ट्रेन सवार महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बलूच नागरिक को सुरक्षित तरीके से रिहा कर दिया गया है।  

150 सैन्यकर्मियों के मारे जाने का दावा  
पाकिस्तान के पूर्व सांसद अब्दुल कादिर बलूच ने मीडिया को बताया कि बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर फंसे 182 बंधकों को बचाने के लिए बीएलए आतंकवादियों से लड़ते हुए कम से कम 150 पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए हैं।

पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने की निंदा 
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर हुए हमले को जघन्य और कायरतापूर्ण बताया है। इस घटना की निंदा करते हुए कहा, पाकिस्तान के लोग ऐसे मामलों में एकमत हैं। सशस्त्र बलों के अविभाजित ध्यान की जरूरत है। अपहृत नागरिकों की सुरक्षा के लिए हम दुआ करते हैं। 

विदेशी मददगारों के संपर्क में थे आतंकी
सुरक्षा सूत्रों ने समा टीवी को बताया कि बीएलए के आतंकवादी विदेश में बैठे मददगारों के संपर्क में थे। जाफर एक्सप्रेस में यात्रियों को बंधक बना लिया। निर्दोष यात्रियों को निशाना बनाना यह साबित करता है कि आतंकवादियों का इस्लाम, पाकिस्तान या बलूचिस्तान से कोई संबंध नहीं है।

बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस दौरान एक ड्रोन मार गिराने का  दावा भी किया है। बताया कि बंधकों में पाकिस्तानी सेना, पुलिस, आईएसआई और एटीआईएफ के कर्मचारी शामिल हैं। यह लोग छुट्टी पर जा रहे थे।  

Pakistan Train Hijack

Pakistan Train Hijack: महिला, बच्चों और बलूच यात्री रिहा 
आतंकवादियों ने जारी बयान में यह भी बताया कि महिला, बच्चों और बलूच यात्रियों को उन्होंने रिहा कर दिया है। शेष बंधक पाकिस्तानी सेना के सेवारत कर्मचारी हैं। हालांकि, बलूच के अधिकारी और रेलवे ने अब तक हताहतों की संख्या और बंधकों की स्थिति की पुष्टि नहीं की है। 

Pakistan Train Hijack: बलूच लिबरेशन आर्मी का बड़ा दावा 

  • पाकिस्तान के उग्रवादी अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने बयान जारी कर कहा, बंधकों में पाकिस्तानी सैन्यकर्मी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के सदस्य शामिल हैं। 
  • बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा, इस ऑपरेशन को मजीद ब्रिगेड, एसटीओएस और फतेह स्क्वाड द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है।
  • बीएलए की विशेष इकाइयां किसी भी सैन्य घुसपैठ का जोरदार जवाब देने को तैयार हैं। चेतावनी दी है कि सरकार ने सैन्य अभियान चलाया तो अन्य यात्रियों को भी मार देंगे। 

Pakistan Train Hijack: जफर एक्सप्रेस में सवार थे 500 यात्री
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रेन में 400 यात्री सवार थे। जबकि, रेलवे कंट्रोलर मुहम्मद काशिफ ने डॉन को बताया, नौ डिब्बों वाली जफर एक्सप्रेस में 500 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि पेशावर रूट पर स्थित सुरंग नंबर 8 में हथियारबंद आतंकवादियों ने ट्रेन को हाईजैक कर लिया है। 

Pakistan Train Hijack: स्थिति से निपटने आपातकालीन इंतजाम 
पाकिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा, प्रांतीय सरकार ने आपातकालीन इंतजाम किए गए हैं। स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। रेलवे ने कहा, घटनास्थल पर और सुरक्षा बल पहुंच गए हैं।

क्या है बीएलए? What is the BLA
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) पाकिस्तान में सबसे प्रमुख अलगाववादी संगठनों में से एक है। दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों, बुनियादी ढांचे और विदेशी हितों को निशाना बनाते हुए कई हाई-प्रोफाइल हमलों के जरिए इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रहा है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) को कई देशों नेआतंकवादी संगठन घोषित किया हुआ है। 

बलूच लिबरेशन आर्मी का उद्देश्य 
बलूच लिबरेशन आर्मी बलूचिस्तान को स्वतंत्र राज्य घोषित किए जाने की लड़ाई लड़ रहा है। इसका तर्क है कि पाकिस्तान सरकार बलूच लोगों को हाशिए पर रखती है। उनका शोषण किया जाता है। इस क्षेत्र के प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद उपेक्षा की जाती है।