Pakistan TRAIN Hijack Video: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार (11 मार्च) को ट्रेन हाईजैक कर 200 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया गया था। बलूच लिबरल आर्मी ( BLA) ने बुधवार को घटना का वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने दिखाया है कि यात्रियों को बंधक बनाने से पहले कैसे ट्रैक उड़ाया था। उग्रवादियों ने क्वेटा-पेशावर जाफ़र एक्सप्रेस पर बम विस्फोट कर सिबी शहर के पास रोका था।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पाकिस्तान आर्मी ने ट्रेन में बंधक बनाए गए 80 यात्रियों को उग्रवादियों से छुड़ा लिया है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट़्स में 104 यात्रियों की रिहाई का दावा किया गया है।
ट्रेन में सवार थे 400 से अधिक यात्री
वीडियो में ट्रेन के इंजन और कोच से धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। क्वेटा से पेशावर जा रही इस ट्रेन में 400 से अधिक यात्री सवार थे। बीएलए के उग्रवादियों ने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के अलावा बलूच के नागरिकों को रिहा कर दिया था, लेकिन पाकिस्तान की सेना, पुलिस और सुरक्षा एजेसियों से जुड़े 200 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया था। हमले में कई लोगों की मौत भी हो गई है। वीडियो में बंदूकधारी आतंकवादी यात्रियों को बंधक बनाते और ट्रेन से उतारते भी दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: क्या है BLA, क्या चाहता है, क्यों किया 500 यात्रियों से भरे ट्रेन को हाईजैक? जानिए पूरा इतिहास
214 यात्रियों को बंधक, 30 की हत्या
बलूचिस्तान के अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। मजीद ब्रिगेड के नेतृत्व वाला यह संगठन बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करने की मांग कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 214 यात्रियों को बंधक बनाया गया था। इनमें से 30 सुरक्षाकर्मियों की हत्या कर दी गई है। हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ने मौतों की पुष्टि नहीं की है।