UK Girl Dies Of Blood Clot After Taking Contraceptive Pill: अनचाहे गर्भ से छुटकारा या पीरियड्स में दर्द से राहत के लिए अक्सर महिलाएं और लड़कियां गर्भ निरोधक गोलियां खा लेती हैं। इसके लिए वे किसी विशेषज्ञ से सलाह भी नहीं लेती हैं। लेकिन ये कितना खतरनाक हो सकता है? इसकी एक बानगी ब्रिटेन में देखने को मिली। द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूके की एक 16 वर्षीय लड़की की गर्भनिरोधक गोली खाने से मौत हो गई। उसके शरीर में खून के थक्के जमा हो गए थे। आखिर में उसका ब्रेन डेड हो गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। 

दोस्तों की सलाह पर 25 नवंबर से खाई दवा
दरअसल, 16 साल की लैला खान पीरियड्स आने पर असहनीय दर्द उठा। उसके दोस्तों ने उसे दर्द से राहत पाने के लिए गर्भनिरोधक गोली लेने का सुझाव दिया। लैला ने 25 नवंबर को गोलियां लेना शुरू कर दिया था। इसके बाद उसे समस्याएं शुरू हो गईं। 5 दिसंबर तक उसे सिरदर्द होने लगा और सप्ताह के अंत तक उसे उल्टी होने लगी।

सिर दर्द-उल्टी फिर बढ़ने लगी समस्या
परिवार के अनुसार, वे लैला को लेकर अस्पताल भागे। क्योंकि उसे हर 30 मिनट पर उल्टी हो रही थी। डॉक्टरों ने उसे एक गोली दी और बताया कि उसके पेट में एक कीड़ा है। उसकी चाची जेना ब्रेथवेट ने बताया कि 10 दिसंबर की रात, वह बहुत बीमार थी। वह हर 30 मिनट में उल्टी कर रही थी। इसलिए हमें अगले दिन 11 दिसंबर को सुबह जीपी अपॉइंटमेंट मिली। जहां जांच के बाद पेट में कीड़े होने की बात बताई। यह भी कहा गया कि कोई खतरे वाली बात नहीं है। हालांकि, उसकी हालत खराब हो गई और वह दर्द से चिल्लाने लगी। परिवार ने उसे अस्पताल ले जाने का फैसला किया लेकिन लैला बाथरूम में गिर गई। ब्रेथवेट और लैला की मां उसे कार तक ले गईं। वह चलने में असमर्थ थी। 

13 दिसंबर को हुई मौत
परिवारीजन उसे ग्रिम्सबी के पास एक अस्पताल में ले गए और सीटी स्कैन करने के बाद पता चला कि उसके दिमाग में खून का थक्का जम गया है। लैला की 13 दिसंबर को सर्जरी हुई, हालांकि, अगले दिन उसे ब्रेन-डेड घोषित कर दिया गया।

परिवार ने अंगों को दिया दान, 5 को मिला नया जीवन
ब्रेथवेट ने कहा कि हमारा परिवार तबाह हो गया है। क्रिसमस से पहले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पहले कहा गया कि खतरा नहीं है। फिर अगले दिन उसका ब्रेन डेड हो गया। यह समझ से परे है। उसने अभी-अभी कॉलेज शुरू किया था और उसे नौकरी मिल गई थी। यह एक ऐसा सदमा है। हम पूरी तरह से तबाह हो गए हैं।

परिवार ने लैला के अंगों को दान कर दिया है। उन्होंने बताया कि लैला के अंगों से क्रिसमस से कुछ दिन पहले पांच लोगों की जान बची है।