Budget History India: देश का आम बजट 2025 (Budget 2025) आज संसद में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) सुबह 11 बजे बजट भाषण देंगी। यह मोदी सरकार (Modi 3.0) का पूर्ण बजट होगा। सरकार इस बजट में क्या खास घोषणाएं करेगी, इसका इंतजार देशभर को है। लेकिन बजट से जुड़ी कुछ ऐतिहासिक बातें भी हैं, जो बहुत कम लोग जानते हैं। क्या आपने कभी सोचा है कि 'बजट' शब्द कहां से आया? पहले बजट कब पेश हुआ था? आइए, इन सवालों का जवाब जानते हैं।  

बजट शब्द की उत्पत्ति कैसे हुई?
'बजट' (Budget) शब्द की जड़ें फ्रेंच भाषा के शब्द 'बुल्गा' में छिपी हैं। इसका अर्थ होता है चमड़े का थैला। फ्रेंच में 'बुल्गा' से 'बोऊगेट' शब्द बना और फिर अंग्रेजी में इसे 'बोगेट' कहा जाने लगा। यही 'बोगेट' बाद में 'बजट' बना। इसी वजह से पहले बजट दस्तावेजों को चमड़े के बैग में संसद में लाया जाता था। यह परंपरा ब्रिटिश शासनकाल में शुरू हुई थी और दशकों तक जारी रही। हालांकि, अब बजट डिजिटल हो चुका है और इसे टैबलेट पर पढ़ा जाता है।  

कैसे बदली बजट पेश करने की परंपरा?
ब्रिटिश शासन के समय से लेकर 2019 तक बजट दस्तावेजों को चमड़े के लाल बैग में लाया जाता था। यह एक परंपरा थी, जिसे हर वित्त मंत्री निभाते थे। लेकिन 2019 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस परंपरा को बदल दिया। उन्होंने बजट दस्तावेजों को लाल कपड़े में लपेटकर 'बही-खाता' के रूप में संसद में पेश किया। इसके बाद 2021 से बजट पूरी तरह डिजिटल हो गया और अब इसे टैबलेट पर पढ़ा जाता है। यह बदलाव भारत के फाइनेंनशियल एडमिनिस्ट्रिशन को मार्डन ढंग से पेश करने की दिशा में एक अहम कदम था।  

पहले शाम को पेश होता था बजट
आज बजट सुबह 11 बजे पेश होता है, लेकिन हमेशा ऐसा नहीं था। ब्रिटिश शासन के समय भारत में बजट शाम 5 बजे पेश किया जाता था। इसका कारण यह था कि ब्रिटेन और भारत के समय में अंतर था, इसलिए ब्रिटिश अधिकारियों को इसे समझने का पूरा वक्त मिल सके। 1955 तक बजट केवल अंग्रेजी में प्रकाशित होता था, लेकिन 1955-56 से इसे हिंदी में भी प्रकाशित किया जाने लगा। यह एक महत्वपूर्ण बदलाव था, जिससे आम जनता को बजट की जानकारी आसानी से मिलने लगी।  

भारत में पहली बार कब पेश हुआ था बजट?
भारत में बजट पेश करने की परंपरा ब्रिटिश शासनकाल में शुरू हुई थी। पहली बार 7 अप्रैल 1860 को भारत में बजट पेश किया गया था। इसे ब्रिटिश सरकार के अधिकारी जेम्स विल्सन ने तैयार किया था। विल्सन स्कॉटलैंड के एक अर्थशास्त्री थे, जिन्होंने भारत में टैक्स प्रणाली को विकसित करने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद भारत में हर साल बजट पेश होने लगा और यह देश की वित्तीय योजना का अहम हिस्सा बन गया।  

आजाद भारत का पहला बजट कैसा था?
स्वतंत्र भारत का पहला आम बजट 26 नवंबर 1947 को पेश किया गया था। इसे देश के पहले वित्त मंत्री आरके शानमुगम चेट्टी ने संसद में रखा था। यह बजट भारत के लिए ऐतिहासिक था क्योंकि इसमें पहली बार देश की आर्थिक नीतियों की नींव रखी गई। चेट्टी एक प्रसिद्ध वकील, राजनेता और अर्थशास्त्री थे। उस समय देश की अर्थव्यवस्था कमजोर थी, लेकिन इस बजट ने भारत को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में पहला कदम बढ़ाया।