MP Board Exam preparation tips: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल (एमपी बोर्ड) की वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हो रही हैं। विद्यार्थियों को तैयारी को तनाव हो रहा है, लेकिन विशेषज्ञों की टिप्स फॉलो कर फिजिक्स में 100 प्रतिशत मार्क्स प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके लिए उन्हें विषयवार और यूनिटवार टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करनी होगी। पढ़ाई के साथ सेहत का भी ख्याल रखना होगा।
रिवीजन में मदद करेंगे शार्ट नोट्स
सीएम राइज स्कूल (बगहा) सतना के सीनियर टीचर ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि भौतिक शास्त्र (फिजिक्स) का पेपर 4 मार्च 2025 को होना है। तैयारी के लिए करीब 20 दिन का समय शेष बचा है। इसलिए स्टूडेंट्स रणनीति बनाकर पढ़ाई करें। शार्ट नोट्स भी तैयार करते चलें। ताकि, परीक्षा से ठीक पहले रिवीजन करने में आसानी हो।
क्या है फिजिक्स का 3D फार्मूला?
शिक्षक ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि फिजिक्स में थ्योरी और न्यूमेरिकल दोनों सवालों का अपना महत्व है। इसकी 3D बेस्ड तैयारी करनी होगी। 3D यानी Definition (परिभाषा), Diagram (चित्र) और Derivation (व्यंजक)। फिजिक्स की तैयारी में तीनों बिन्दु महत्वपूर्ण हैं। परिभाषा रटने की बजाय सूत्र के आधार पर उसका अभ्यास करना चाहिए।
डायग्राम से कवर होगा एक चौथाई उत्तर
शिक्षक ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि किसी भी प्रश्न का उत्तर समझने और याद रखने में डायग्राम (चित्र) महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उत्तर का एक चौथाई हिस्सा डायग्राम से ही कवर हो जाता है। रटने की बजाय इसका अभ्यास करें। प्रकाशिकी और विद्युतधारा से सम्बन्धित चित्रों में प्रकाश या धारा की दिशा दर्शाने के लिए तीर के निशान अवश्य प्रयोग करें।
Derivation के Key points नोट करें
Derivation (व्यंजक व्युत्पत्ति) फिजिक्स का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे बार-बार लिखकर अभ्यास करें। हर Derivation में कुछ Key points (प्रमुख बिन्दु ) होते हैं, उनके Short note तैयार करें। ताकि, परीक्षा से फास्ट रिवीजन कर सकें। Derivation के अंत में प्राप्त सूत्र में उसकी इकाई (unit) अवश्य लिखें।
NCERT पुस्तक से करे पढ़ाई
शिक्षक ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि एमपी बोर्ड का पेपर NCERT पुस्तक पर आधारित होते हैं। इसलिए NCERT की पुस्तक से तैयारी करें। 2024 की मुख्य एवं पूरक परीक्षा के प्रश्नों को छोड़कर लगभग सभी महत्वपूर्ण टॉपिक्स अच्छे से तैयार कर लें। पुस्तक में जो हल उदाहरण हैं, उन्हें जरूर तैयार कर लें।
यह भी पढ़ें: बोर्ड एग्जाम में चाहिए 100 परसेंट मार्क्स? इन आसान टिप्स से बनाएं स्ट्रेटजी
वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की तैयारी
फिजिक्स में 28 अंक के वस्तुनिष्ठ प्रश्न होते हैं। इसके लिए भौतिक राशियों के मात्रक, सूत्र और तथ्य पर फोकस करें। NCERT पुस्तक के हर अध्याय के अंत में दिए गए महत्वपूर्ण बिन्दुओं जरूर तैयार कर लें।
परीक्षा से डरें नहीं, क्षमता प्रमाणित करें
इस विषय में बहुत अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। छात्रों को परीक्षा से डरने की बजाय इसे एक अवसर की तरह लेना चाहिए। परीक्षा आपको सफल होने का मौका देती है। अपनी क्षमता को प्रमाणित करने का प्रयास करें।
फिजिक्स एग्जाम की तैयारी के लिए जरूरी बिंदु
- सबसे पहले एमपी बोर्ड का सिलेबस चेक करें और फिर यूनिटवार टाइम टेबल बनाकर तैयारी करें।
- महत्वपूर्ण फॉर्मूले याद करें। नोटबुक में महत्वपूर्ण फॉर्मूले लिख लें और प्रतिदिन रिवीजन करें।
- यूनिट और डाइमेंशन्स याद करें। सूत्र समझकर याद करें। ताकि, न्यूमेरिकल आसानी से हल हो सके।
- फिजिक्स में डेफिनिशन और लॉज (Rules & Laws) याद करना जरूरी है। न्यूटन के गति नियम, ओम का नियम, अपवर्तन और परावर्तन के नियम, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक इंडक्शन और न्यूमेरिकल प्रैक्टिस करें।
- हर टॉपिक के न्यूनतम 10-15 सवाल हल करें। NCERT और MP बोर्ड की किताब से पढ़ें।
- गत वर्ष के न्यूमेरिकल की प्रैक्टिस करें। अधिक से अधिक उदाहरण हल करें और शॉर्टकट ट्रिक्स सीखें।
- ग्राफ और डायग्राम बनाना सीखें। इससे अच्छे नंबर मिलते हैं।
- कम से कम 5-10 साल के पेपर सॉल्व करें और सवालों के पैटर्न समझें।
- बार-बार पूछे जाने वाले सवालों पर फोकस करें।
- महत्वपूर्ण पॉइंट्स के शाार्ट नोट्स तैयार करें। फॉर्मूले, नियम और ग्राफ को संक्षिप्त रूप में लिखें।
- परीक्षा से पहले नोट्स का रिवीजन करें। रटने की बजाय टॉपिक समझने पर ध्यान दें
- फिजिक्स रटने का विषय नहीं है। इसके कॉन्सेप्ट क्लियर करें। उदाहरण के जरिए इनके प्रैक्टिकल एप्लिकेशन पर ध्यान दें।
- परीक्षा से पहले रिवीजन प्लान बनाएं। पहले दिन गति, बल और ऊष्मा, दूसरे दिन प्रकाश, ध्वनि और तरंगें और तीसरे दिन विद्युत, चुंबकत्व और न्यूमेरिकल का रिवीजन करें।
- परीक्षा में समय प्रबंधन जरूरी है। इसके लिए प्रश्नों को ध्यान से पढ़ें और आसान सवाल पहले हल करें।
- कठिन प्रश्न बाद में हल करें। ताकि, समय बर्बाद न हो। एक प्रश्न में ज्यादा समय न लगाएं।
- तनाव न लें और आत्मविश्वास बनाए रखें। अच्छी नींद लें और पॉजिटिव सोचें। कठिन सवालों से घबराएं नहीं, बल्कि शांत दिमाग से हल करें।