Besan Laddu Recipe: भगवान गणेश की दस दिनों तक घर में सेवा करने के बाद अब उनके विसर्जन का वक्त आ गया है। इस साल 17 सितंबर (मंगलवार) को भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। बप्पा के विसर्जन से पहले उन्हें बेसन लड्डू का भोग लगाकर आरती करें और उनके अगले साल धूमधाम से लौटने की प्रार्थना करें। 

बेसन लड्डू फटाफट तैयार होने वाला भोग है, जिसे चार चीजों से मिलाकर तैयार किया जा सकता है। आपने अगर बेसन लड्डू कभी नहीं बनाएं तो हमारी बताई विधि से इन्हें मिनटों में तैयार कर सकते हैं। 

बेसन लड्डू बनाने के लिए सामग्री
बेसन - 2 कप
चीनी - 1 कप (या स्वादानुसार)
घी - 3/4 कप
इलायची पाउडर - 1/2 चम्मच
सूखे मेवे (काजू, बादाम) - स्वादानुसार (बारीक कटे हुए)

बेसन लड्डू बनाने की विधि
गणपति बप्पा को भोग के लिए बेसन लड्डू बनाए जा सकते हैं। इन्हें आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले एक कड़ाही में घी गरम करें और उसमें बेसन डालकर लगातार चलाते हुए सुनहरा होने तक भून लें। ध्यान रखें कि बेसन का रंग बदल जाए और कच्ची महक ना आए।

इसे भी पढ़ें: Kishmish ka Halwa: शरीर में दोगुनी ताकत के लिए खाएं किशमिश का हलवा, इस तरीके से मिनटों में बनाएं

भूने हुए बेसन में चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। कुछ देर तक बेसन को पकने दें। अब इसमें बारीक कटे हुए सूखे मेवे और इलायची पाउडर मिलाएं। जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो हाथों में थोड़ा घी लगाकर छोटे-छोटे लड्डू बना लें।

तैयार लड्डुओं को एक प्लेट में रखकर सैट होने के लिए रख दें। आप चाहें तो लड्डूओं को चांदी के वर्क से सजा सकते हैं। गजानन को भोग लगाने के लिए बेसन लड्डू बनकर तैयार हैं। इन्हें प्रसाद के तौर पर सभी लोगों को भी बांटें। 

इसे भी पढ़ें: Badam Halwa: दिमाग में तरावट लाता है बादाम-खसखस हलवा, इस तरीके से बनाएं, स्वाद और पोषण का है कॉम्बो

टिप्स

  • बेसन को भूनते समय धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें ताकि यह जल न जाए।
  • चीनी की मात्रा आप अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं।
  • आप चाहें तो लड्डूओं में घी की मात्रा भी बढ़ा या घटा सकते हैं।
  • लड्डूओं को हवाबंद डिब्बे में रखकर लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है।