Logo
Hartalika Teej 2024: हरतालिका तीज के मौके पर महिलाएं साज-शृंगार करती हैं। इस पर्व के लिए मेकअप स्टेप्स को भी सही तरीके से फॉलो करना होगा। यहां जानिए कुछ आसान टिप्स।

Hartalika Teej Makeup Tips: इन दिनों कई महिलाएं हरतालिका तीज की तैयारियों में जुटी होंगी। अपने लिए ड्रेसअप, चूड़ी, मेहंदी डिजाइन तय करने के साथ आपको अपने ब्यूटी केयर और मेकअप स्टाइल पर भी ध्यान देना चाहिए। तभी आप तीज वाले दिन खिली-खिली और खूबसूरत दिखेंगी। यहां हम आपको बता रहे हैं मेकअप से जुड़े कुछ यूजफुल टिप्स।

ऐसे करें फेस्टिव मेकअप
आपका तीज लुक परफेक्ट मेकअप के बिना अधूरा लगेगा। इसलिए व्रत की तैयारियों के साथ ही, इस मौके पर आपको मेकअप पर भी पूरा फोकस करना होगा। इसके लिए जाने सही स्टेप्स-

  • सबसे पहले स्किन को मेकअप के लिए तैयार करें। चेहरे को साफ करें। उस पर लिक्विड मॉयश्चराइजर लगाएं। अगर आपकी स्किन ऑयली है तो एस्ट्रिंजेंट लोशन यूज करना सही रहेगा।
  • इसके बाद चेहरे के दाग-धब्बों को छिपाने के लिए कंसीलर लगाएं। यह सब करने के बाद अब बारी आती है फाउंडेशन की। अपनी स्किन टोन के अनुसार फाउंडेशन का चयन कर उसे अप्लाई करें। अगर आपको कुछ एक्स्ट्रा ग्लोइंग दिखना है तो आप गोल्ड फाउंडेशन का चयन भी कर सकती हैं। इसे चेहरे पर लगाकर गीले स्पंज से ब्लेंड करें।
  • फिर गालों को ब्लशर से हाइलाइट करें और हल्के हाथों से चीक बोन्स पर फेरें। इसके बाद गालों पर हल्के रंग का हाइलाइटर लगाकर अच्छे से ब्लेंड करें। ब्लशर का कलर आप अपनी स्किन और पसंद के अनुसार रखें। लेकिन अगर आपने ऑरेंज लिपस्टिक लगाई है तो गुलाबी ब्लशर ना लगाएं। इससे आपका मेकअप बहुत बनावटी लगेगा।
  • त्योहारों पर गहरे रंग के लिपस्टिक के शेड जंचते हैं। लेकिन अगर आपके आउटफिट में पहले से ही डार्क शेड है तो अपना लिप्स्टिक का रंग न्यूट्रल रखें।

आई मेकअप: अगर आपकी आंखें थकी-थकी नजर आती हैं तो मेकअप में वो चमक और ग्रेस नहीं आता। अपनी थकी आंखों को आकर्षक दिखाने के लिए कॉटन पैड को गुलाब जल में भिगो दीजिए। अब इस कॉटन पैड को अपनी आंखों पर दस मिनट के लिए रख लें। इस दौरान रिलैक्स करें। इससे आंखों की थकान मिटती है और नेचुरल ग्लो आता है। इससे आपका स्ट्रेस भी कम होता है।

  • आंखों की खूबसूरती के लिए लाइट ब्राउन कलर के आई शैडो का इस्तेमाल करें। इस मौके पर अगर आपका लुक एथनिक है, तो काजल गहरा लगाएं। आई मेकअप को हल्का ही रखें।
  • आपका मेकअप लुक बिंदी के बिना अधूरा लगेगा। इसलिए अपनी ड्रेस से मैचिंग बिंदी जरूर लगाएं। नग वाली बिंदी त्योहार के मौके पर काफी अच्छी लगती है।

ग्लोइंग स्किन के लिए होममेड पैक्स 
फेस्टिव लुक के लिए स्किन केयर भी बहुत जरूरी है। इसके लिए आप घर पर ही फेस पैक तैयार कर सकती हैं। दो चम्मच गेहूं के चोकर यानी गेहूं के दाने की बाहरी परत में एक चम्मच बादाम तेल, दही, शहद और गुलाब जल अच्छे से मिलाएं। अगर आपको पिग्मेंटेशन ज्यादा है तो इसमें सूखी पुदीने की पत्तियों का पाउडर भी मिलाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर 30 मिनट लगा रहने दें। इसके बाद ताजे पानी से चेहरा धो लें। इसे चेहरे पर लगाने से पहली बार में ही नेचुरल ग्लो नजर आएगा।

आप पूरी बॉडी के लिए भी यह उबटन बना सकती हैं। यह बनाना भी आसान है। आप चोकर, बेसन, दही, मलाई और हल्दी को मिक्स कर उबटन को तैयार करें। बॉडी पर उबटन लगाने से पहले तिल का तेल लगाएं। जब उबटन सूखने लगे तो हल्के हाथों से रगड़ते हुए इसे बॉडी से रब करें। इस तरह आप घर में ही बॉडी पॉलिशिंग कर सकेंगी। यह उबटन स्किन को सॉफ्ट और ग्लोइंग बनाता है।

ऐसे करें हेयर केयर
हरतालिका तीज के अवसर पर परफेक्ट मेकअप के साथ आपको अपनी हेयर स्टाइलिंग पर भी ध्यान देना चाहिए। ऐसा करने के लिए नारियल तेल को गर्म करें। इसे बालों और सिर पर लगाएं। इसके बाद तौलिए को गर्म पानी में डुबोकर निचोड़ लीजिए, पगड़ी की तरह इसे पांच मिनट तक सिर पर लपेट लीजिए। इस प्रोसेस को तीन से चार बार दोहराइए। इससे तेल स्कैल्प में बहुत अच्छे से समाता है। इस प्रोसेस को करने के बाद तेल को एक घंटे तक बालों में लगे रहने दें। इसके बाद बालों को साफ पानी से धोकर शैंपू कर लें।

(ये सामग्री कॉस्मैटोलॉजिस्ट शहनाज हुसैन द्वारा दिए गए सजेशन पर आधारित है।)

5379487