Logo
High Blood Sugar: डायबिटीज पेशेंट्स के लिए हाई शुगर होना बेहद खतरनाक होता है। धीरे-धीरे ये शरीर के अंगों को खराब करने लगती है। आइए जानते हैं कैसे ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखा जाए।

High Blood Sugar: खून में ब्लड शुगर लेवल का बढ़ना यानी हाई ब्लड शुगर लेवल बेहद खतरनाक होता है। शुगर पेशेंट्स के लिए ये खतरे की घंटी है अगर शुगर लेवल हाई बना रहता है। आपके खून में शुगर का लेवल अगर 200 के पार चला जाता है तो ये चिंता करने वाली बात है। ब्लड शुगर लेवल 180 से 200 mg/dL होने लगे तो इसे हाइपरग्लेसीमिया कहा जाता है। ऐसा होने पर किडनी एसिड बनाने लगती है और धीरे-धीरे इससे शरीर खोखला होने लगता है। डायबिटीज को लेकर अगर लापरवाही बरती जाए तो ये हड्डियों, दांतों को कमजोर कर देती है और तेजी से संक्रमण होने लगता है।

हाई ब्लड शुगर होने पर बार-बार पेशाब आती है। मायोक्लीनिक के अनुसार ब्लड शुगर लेवल बढ़ने पर बार-बार प्यास भी लगने लगती है। लंबे वक्त तक शुगर हाई रहने पर आंखों की रोशनी धुंधली होने लगती और बहुत ज्यादा थकान और कमजोरी भी महसूस होती है। लापरवाही बरतने पर नर्व भी डैमेज हो सकती है।  ऐसे में जरूरी है कि कुछ आदतों में बदलाव किया जाए, जिससे ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल किया जा सके। 

आदतों में बदलाव से होगा बचाव

नियमित जांच - बहुत से लोगों में डायबिटीज के शुरुआती लक्षण नहीं दिखते हैं या फिर वे उसे समझ नहीं पाते हैं। अगर आपके परिवार में डायबिटीज की हिस्ट्री रही है तो 20-25 साल की उम्र के बाद से ही जांच कराना शुरू कर देना चाहिए। इसके लिए रेगुलर चेकअप के साथ डॉक्टर से परामर्श भी ले सकते हैं। अपना शुगर लेवल जांचने के लिए साल में दो बार डायबिटीज की जांच कराई जा सकती है। 

हेल्दी फूड - डायबिटीज के मरीजों को खान-पान का विशेष ध्यान रखना होता है। उन्हें ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जो कि ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करते हों। इसके लिए डाइट में मोटा अनाज, ग्रीन वेजिटेबल्स, ताजे फ्रूट्स, फाइबर रिच फूड्स को खाना चाहिए। गेहूं के साथ ही ज्वार, बाजरा, रागी आदि अनाज को भी खाने में शामिल करना चाहिए। 

परहेज - शुगर के पेशेंट्स के लिए परहेज बेहद जरूरी होता है। सबसे पहले काम मीठी चीजों का सेवन बेहद सीमित कर दें। एकसाथ खाना खाने से बचें, इसके बजाय थोड़ा-थोड़ा कर दिन में तीन से चार बार खाना खाएं। अतिरिक्त नमक भी खाना बंद करें, साथ ही जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड, शराब, सिगरेट, फास्ट फूड, पैकेटबंद फूड से भी दूरी बना लें। 

कसरत - डायबिटीज के मरीजों के लिए शुगर लेवल को कंट्रोल करने का सबसे आसान तरीका नियमित एक्सरसाइज होता है। एक्सरसाइज़ से तेजी से ब्लड शुगर लेवल घटता है। इसके लिए साइकिलिंग, स्विमिंग जैसी एक्सरसाइज़ बेस्ट मानी जाती हैं। रोजाना 4-5 किलोमीटर की वॉकिंग भी शुगर को एकदम कंट्रोल में रखती है। 

नींद - आप अगर चाहते हैं कि आपकी शुगर हमेशा कंट्रोल में रहें तो पर्याप्त नींद लेना शुरू कर दें। रात में जल्दी सोना और सुबह सूर्योदय से पहले जागना आपके लिए बेहद फायदेमंद होगा। इसके साथ ही जितना हो सके तनाव से दूर रहें। इसके लिए योग, मेडिटेशन का सहारा लिया जा सकता है। 

5379487