Logo
How to Make Fruit Popsicles: गर्मी के दिनों में आइसक्रीम, कुल्फी या फालूदा तो आप खाते ही होंगे। लेकिन आप चाहें तो घर में ही हेल्दी, टेस्टी और कूल फ्रूट पॉप्सिकल्स बनाकर इनका मजा ले सकते हैं। इनमें से कुछ के बारे में यहां बता रहे हैं।

How to Make Fruit Popsicles: गर्मी के मौसम में अकसर हमारा मन रंग-बिरंगी आइसक्रीम, कुल्फी और सॉफ्टी खाने का करता है। लेकिन हम सब जानते हैं कि इनमें हानिकारक फैट्स, शुगर, आर्टिफिशियल कलर और स्वीटनर्स का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें कैलोरी भी बहुत होती है। इसलिए अपनी हेल्थ के मद्देनजर आप इनके बजाय नेचुरल, टेस्टी, हेल्दी और कूल फ्रूट पॉप्सिकल्स बनाकर खाएं और खिलाएं। पॉप्सिकल्स बनाने के लिए आपको चाहिए एक ब्लेंडर, ताजे फल और कुछ आइसक्रीम मोल्ड्स।
 
मैंगो मस्ती पॉप्सिकल्स: गर्मी के दिनों में आम को सबसे फेवरेट फल माना जाता है। रत्नागिरी आम हों या हापुस आम, इनकी मिठास के क्या कहने! अगर आप इनसे पॉप्सिकल्स बना लें तो खाने का मजा दोगुना हो जाएगा। इसे बनाने के लिए पके आम का पल्प ब्लेंड कर लें। इसमें स्वाद के मुताबिक चीनी मिलाएं और फिर इसे मोल्ड में भरकर जमने के लिए फ्रिज में रख दें। कुछ घंटे बाद अपने पसंदीदा आम का मजा मैंगो पॉप्सिकल्स के रूप में लें।

वाटरमेलन पॉप्सिकल्स: गर्मियों में तरबूज यानी वाटरमेलन भी खूब पसंद किया जाता है। लगभग जीरो कैलोरी और पानी से भरपूर मिनरल्सयुक्त तरबूज एक पौष्टिक फल है। इसका पॉप्सिकल बनाने के लिए इसके छोटे-छोटे टुकड़े काटें। अब थोड़ी सी चीनी, थोड़ा सा काला नमक और थोड़ा सा नीबू का रस मिलाकर इसे ब्लेंड कर लें। आप चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी सी पुदीने की पत्तियां डाल सकती हैं। अब इन्हें मोल्ड में डालकर जमा लें और थोड़ी देर बाद अपनों के संग इनका आनंद लें।

ब्लैक ग्रेप पॉप्सिकल्स: ब्लैक ग्रेप्स यानी काले अंगूरों में रेस्वराट्रोल नामक तत्व होता है, जो ब्लड सर्कुलेशन को इंप्रूव करता है। इसके अलावा अंगूरों में तमाम विटामिन और मिनरल्स भी होते हैं। इनका भरपूर लाभ उठाने और साथ ही आइसक्रीम जैसा मजा लेने के लिए आप ब्लैक ग्रेप पॉप्सिकल बना सकती हैं। इसे बनाने के लिए अंगूरों को ब्लेंड करते हुए इनमें चीनी और जरा सा नीबू का रस मिलाएं, फिर आइसक्रीम मोल्ड में डालकर जमने के लिए रख दें। आप चाहें तो टेस्ट को ट्विस्ट देंने के लिए पुदीने की पत्तियां भी इसमें मिला सकती हैं। कुछ ही देर में टेस्टी ब्लैक ग्रेप पॉप्सिकल्स रेडी हो जाएगा। 

कीवी पॉप्सिकल्स: कीवी ना सिर्फ फाइबर बल्कि विटामिन सी और अन्य न्यूट्रिशस तत्वों का भंडार होता है। इनके नियमित सेवन से ब्लडप्रेशर दुरुस्त रहता है, साथ ही मैकुलर डिजनरेशन की समस्या में भी आराम मिलता है। इससे टेस्टी पॉप्सिकल्स बनाने के लिए इनका छिलका उतार कर गूदा निकाल लें। इसे ब्लेंड करते समय थोड़ा नारियल पानी और पहले से भीगे हुए चीया सीड्स भी मिला लें। इससे इनकी पौष्टिकता बढ़ जाएगी। आप चाहें तो इसमें सोया मिल्क भी मिला सकती हैं। अब इसे आइसक्रीम मोल्ड्स में भरकर फ्रीजर में रख दें। कुछ देर में टेस्टी कीवी पॉप्सिकल्स रेडी हो जाएंगे।
  
नारियल पानी पॉप्सिकल्स: नारियल पानी आसानी से हर वक्त उपलब्ध ना हो तो आप नारियल पानी से बनी पॉप्सिकल्स फ्रीज कर रख सकते हैं। आप नारियल से निकलने वाली मलाई और ऑल्मंड मिल्क को मिलाकर स्वादिष्ट-पौष्टिक पॉप्सिकल्स बना सकती हैं। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें वनिला एसेंस, थोड़ी चीनी और भीगे हुए चिया सीड भी मिला सकती हैं।

ऑरेंज एंड लेमन पॉप्सिकल्स:  इसके लिए आपको चाहिए दो-तीन संतरों का जूस और एक नीबू का रस। ऑरेंज जूस में लेमन जूस मिला दें। अब उसमें थोड़ी सी चीनी और कुछ बूंदें वनिला एसेंस की मिला दें। इसे ब्लेंडर में अच्छी तरह मिला लें और पॉप्सिकल मोल्ड में डाल दें। इसके बाद इसे फ्रीजर में रखकर जम जाने दें और थोड़ी देर बाद इसका लुत्फ उठाएं विटामिन सी और फाइबर से भरपूर यह पॉप्सिकल आपको न सिर्फ कूल रखेंगे बल्कि हेल्दी भी रखेंगे।

चिल्ड एवेकैडो पॉप्सिकल्स:  एक बाउल में एवेकैडो को अच्छी तरह मैश कर ले। इसमें थोड़ा शहद, थोड़ा नीबू का रस और आधा कप नारियल पानी डालें। अच्छी तरह ब्लेंड करें। आप चाहें तो इसमें चॉप की हुई पाइनएप्पल स्लाइस भी डाल सकती हैं। इस मिक्सचर को मोल्ड में डालकर फ्रिजर में जमने के लिए रख दें। कुछ देंर बाद चिल्ड एवेकैडो पॉप्सिकल का मजा लें।

टैंगी पाइनएप्पल पॉप्सिकल्स: ताजे अनानास को छीलकर इसकी पतली-पतली स्लाइस काट लें। कुछ स्लाइस अलग से रखकर बाकी को पानी और शहद के साथ मिलाकर ब्लेंड कर ले। इस जूस को मोल्ड में डाल कर बची हुई स्लाइस के बारीक बारीक टुकड़े करके हर मोल्ड में 2-4 पीस डाल दें। इसे जमा लें और थोड़ी देर बाद इस पर स्पाइसी चाट मसाला छिड़ककर मजा उठाएं। 

शिखर चंद जैन

5379487