White Gravy Recipe: होटल की सब्जियों में अक्सर लाल रंग की ग्रेवी के साथ सफेद रंग की ग्रेवी भी मिलती है। काजू पनीर, काजू करी या इस तरह की सब्जियों को सफेद ग्रेवी से तैयार किया जाता है। इस ग्रेवी का स्वाद बेहद लजीज होता है और लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं। होटल जैसी सफेद ग्रेवी को आप आसानी से घर पर भी बना सकते हैं। 

आप अगर सफेद ग्रेवी बनाने की कई बार कोशिश कर चुके हैं लेकिन बाजार जैसी ग्रेवी नहीं बन पा रही है तो परेशान न हों। बेहद आसान विधि का पालन कर होटल जैसी ग्रेवी बनाई जा सकती है। 

सफेद ग्रेवी के लिए सामग्री
काजू - 2 टेबलस्पून
तरबूज बीज - 1 टेबलस्पून
मोटी कटी प्याज - 1
लहसुन - 1 टी स्पून
अदरक कटी - 1/2 टी स्पून
ताजा क्रीम - 2 टेबलस्पून
दही - 3/4 कप
हरी मिर्च कटी - 2 टी स्पून
लौंग - 2-3 
तेजपत्ता - 1
इलायची - 3
तेल - 2 टेबलस्पून
नमक - स्वादानुसार 

सफेद ग्रेवी बनाने का तरीका 
सफेद ग्रेवी से बनी सब्जी बेहद स्वादिष्ट होती है। सफेद ग्रेवी बनाना सरल है। इसके लिए पहले काजू के टुकड़े कर लें और प्याज काट लें। अब काजू, तरबूज बीज और प्याज को मिक्सर में डालकर पीसें और स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। तैयार पेस्ट को एक बाउल में निकालकर अलग रख दें।

इसे भी पढ़ें: Tava Aloo Sandwich: बच्चों को खूब पसंद आता है तवा आलू सैंडविच, ब्रेकफास्ट की है परफेक्ट डिश, इस तरीके से बनाएं

अब एक कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें। तेल गर्म हो जाने के बाद उसमें तेजपत्ता, इलायची, लौंग डालकर कुछ सेकंड तक भून लें। इसके बाद कड़ाही में तैयार पेस्ट और हरी मिर्च को डालकर मिक्स करें और भूनें। 

इसे भी पढ़ें: Pakoda Recipe: रिमझिम बारिश में प्याज के पकोड़ों का उठाना है लुत्फ, घोल में जरूर मिलाएं 1 चीज़, हाजमा रहेगा दुरुस्त

मिश्रण को 2-3 मिनट तक पकाने के बाद उसमें फेंटा हुआ दही डालें और चलाते हुए कुछ सेकंड तक पकने दें। इसके बाद गैस बंद कर दें और ग्रेवी में ताजी क्रीम और स्वादानुसार नमक डालकर मिलाएं। स्वाद से भरपूर सफेद ग्रेवी बनकर तैयार हो चुकी है। इसमें पनीर डालकर सब्जी को सर्व कर सकते हैं।