Mumbai Hit and Run:रविवार सुबह मुंबई के वर्ली इलाके में एक तेज रफ्तार BMW कार ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं,  मृतका का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, कार चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया। महिला को कार ने लगभग 100 मीटर तक घसीटा जिससे उसकी मौत हो गई। 

शिवसेना नेता का बेटा था कार चालक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय कार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के नेता राजेश शाह का बेटा चला रहा था। टक्कर के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने राजेश शाह को हिरासत में ले लिया है और BMW कार जब्त कर ली गई है। हालांकि, आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। 

मछली खरीदने के बाद लौट रहे थे दंपत्ति
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वर्ली के कोलिवाड़ा इलाके में रहने वाला  दंपत्ति सुबह 5:30 बजे ससून डॉक से मछली खरीदने गया था। लौटते समय तेज रफ्तार में आ रही एक BMW कार ने दोनों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पलट गई। इसके बाद दोनों पति-पत्नी कार के बोनट पर जा गिरे। पती पत्नी को टक्कर मारने के बावजूद शिवसेना नेता के बेटे ने कार नहीं रोकी। 

पति ने खुद को बचाया, पत्नी की मौत
टक्कर के बाद पति ने तुरंत खुद को बचाने के लिए बोनट से छलांग लगाई, लेकिन पत्नी उठ नहीं पाई। घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से लोग काफी नाराज़ हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 

BMW कार जब्त, आरोपी फरार
पुलिस ने BMW कार को जब्त कर लिया है और घटना की जांच जारी है। शिवसेना नेता राजेश शाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी मांगी है। आरोपी को गिरफ्तार करने की पूरी कोशिश की जा रही है।

पुलिस मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए
पुलिस ने तेजी से एक्शन लेते हुए घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे की जगह से कुछ सबूत भी जुटाए हैं। दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। CCTV फुटेज भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध की जानकारी होने पर तुंरत सूचना दें। हादसे के बाद मुंबई में हड़कंप मच गया है। लोग काफी नाराज हैं। लोग इस घटना के आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।