Logo
Jharkhand Gutkha-Pan Masala Ban: झारखंड की 'हेमंत सरकार' ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। सरकार ने झारखंड में गुटखा और पान मसाले की बिक्री, भंडारण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। गुटखा खाने या बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। 

Jharkhand Gutkha-Pan Masala Ban: झारखंड की 'हेमंत सरकार' ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने झारखंड में गुटखा और पान मसाले की बिक्री, भंडारण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 'स्वस्थ झारखंड के सपने' को साकार करने के लिए कठोर कदम उठाया है। यह प्रतिबंध केवल एक नियम नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं को नशे की जकड़ से बचाने की क्रांतिकारी पहल है। 

गुटखा माफिया और अवैध व्यापारियों पर रखें कड़ी नजर 
'हेमंत सरकार' ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा है कि गुटखा माफिया और अवैध व्यापारियों पर कड़ी नजर रखें। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति गुटखा बेचते, भंडारण करते या इसका सेवन करते पाया जाता है तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

मेरा कर्तव्य उनके जीवन की रक्षा करना 
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि गुटखा और पान मसाले के कारण कैंसर जैसी घातक बीमारियां फैल रही हैं। हमारे युवा बर्बाद हो रहे हैं। एक डॉक्टर होने के नाते मैं इस जहर के प्रभाव को भली-भांति समझता हूं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जब जनता ने मुझे स्वास्थ्य मंत्री बनाया है तो मेरा कर्तव्य उनके जीवन की रक्षा करना है। 

माताओं और बहनों की गुहार आई काम 
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस फैसले के पीछे माताओं और बहनों का बड़ा हाथ है। अंसारी ने कहा कि माताएं और बहनें मुझसे लगातार गुहार लगा रही थीं कि उनके बच्चे और भाई नशे की गिरफ्त में फंसकर जीवन नष्ट कर रहे हैं। मैंने उनकी पीड़ा को समझा और यह ठोस निर्णय लिया। यह सिर्फ एक प्रतिबंध नहीं, बल्कि उन परिवारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपने बच्चों को कैंसर की वजह से खो दिया...। 

इसे भी पढ़ें:  ज्ञानेश कुमार आज लेंगे चार्ज: भारत के 26वें CEC का कार्यकाल 2029 तक रहेगा; 20 राज्यों में होंगे इलेक्शन

झारखंड को गुटखा मुक्त बनाने में सहयोग करें
मंत्री डॉ. अंसारी ने राज्य की जनता से अपील की कि वे इस फैसले को एक चुनौती के रूप में स्वीकार करें और झारखंड को गुटखा मुक्त बनाने में सहयोग करें। अंसारी ने आगे कहा कि हम एक ऐसा ट्रेंड सेट करना चाहते हैं, जिसे अन्य राज्य भी अपनाएं और पूरे देश में यह मुहिम चले। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जब तक झारखंड पूरी तरह से स्वस्थ नहीं बनेगा, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे।

जीवन अनमोल है 
डॉ. अंसारी ने कहा कि जीवन अनमोल है। इसे गुटखा और पान मसाले जैसी घातक चीजों से नष्ट होने की अनुमति नहीं दी जा सकती। यह प्रतिबंध झारखंड के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और हमें इस पर गर्व होना चाहिए। हमें मिलकर सुनिश्चित करना होगा कि झारखंड स्वस्थ और नशामुक्त बने। 

5379487