Jagannath Rath Yatra 2024: मध्यप्रदेश में कई जिलों में जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जा रही है। राजधानी भोपाल से सटे मिनी जगन्नाथपुरी के नाम से प्रसिद्ध विदिशा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह ने भगवान जगदीश स्वामी के मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। यात्रा में कुल तीन रथ शामिल हैं, जिनमें से एक में प्रभु जगन्नाथ, दूसरे में उनके भाई बलभद्र और तीसरे में उनकी बहन सुभद्रा विराजमान हैं। वहीं, पुरी में दो दिवसीय भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा शुरू हो गई है। इस यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल होंगी। 

प्रदेश के कई शहरों में रथ यात्रा उत्सव 
विदिशा के मानोरा गांव में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा तड़के से शुरू हो गई थी। मानोरा में इस धार्मिक यात्रा का आयोजन तीन दिन तक किया जाता है। इस वर्ष यह शनिवार से शुरू हो गया है। सोमवार तक चलेगा। इसी तरह उज्जैन, भोपाल, हरदा और देवास समेत प्रदेश के कई शहरों में रथ यात्रा उत्सव मनाया जा रहा है। 

राजस्थान के उदयपुर में शुरू हुई रथ यात्रा 
वहीं, राजस्थान के उदयपुर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शुरू हो गई है। 400 साल पुराने मंदिर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को रवाना किया गया है।  रथयात्रा में शामिल होने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से शोभायाएं शहर में पहुंच रही हैं। ये सभी यात्राएं मुख्य रथयात्रा में सभी शामिल होंगीं। इस ऐतिहासिक रथ यात्रा को लेकर आयोजकों ने पुख्ता प्रबंध किए हैं तो सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने भी सुरक्षा के तमाम प्रबंध किए हैं।

21,000 से ज्यादा केसरिया झंडे लगाए गए
बता दें, रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ स्वामी, माता महालक्ष्मी, दानी रायजी की श्रृंगारित मनमोहन प्रतिमाएं राजसी वस्त्र धारण किए हुए चांदी के रथ में सवार हैं। भगवान को रजत तारक में बैठाने के साथ ही यात्रा के सभी रास्ते पर करीब 21,000 से ज्यादा केसरिया झंडे लगाए गए हैं।