KT Rama Rao on Ganja cultivation in Himachal: तेलंगाना के बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने हिमाचल प्रदेश सरकार की गांजे की खेती को वैध बनाने की योजना को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा। केटी रामाराव ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस योजना का नाम 'राहुल गांधी गांजा खेती योजना' होना चाहिए। रामाराव ने पूछा कि क्या कांग्रेस इस योजना जना को देशभर में लागू करेगी। बीआरएस नेता ने कहा कि कांग्रेस को देश के लोगों को बताना चाहिए कि इस योजना का मकसद क्या है।

हिमाचल वैध करने जा रहा गांजे की खेती
हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने हाल ही में औद्योगिक, औषधीय और वैज्ञानिक उद्देश्यों के लिए गांजे की खेती को वैध बनाने की दिशा में कदम उठाया है। इस पर टिप्पणी करते हुए, केटी रामाराव ने कहा कि जब राज्य के मुख्यमंत्री खुद मानते हैं कि सरकार के पास पैसे नहीं हैं और वह गांजे की खेती करने की योजना बना रहे हैं। ऐसे में इस बात पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होनी चाहिए। 

'राहुल गांधी गांजा खेती योजना' शुरू करे कांग्रेस
रामाराव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "मैं कांग्रेस से अनुरोध करता हूँ कि वे 'राहुल गांधी गांजा खेती योजना' नामक एक योजना लेकर आएं और देश के लोगों को बताएं कि वे क्यों इस तरह की योजना लाने की योजना बना रहे हैं।" उनका यह बयान हिमाचल प्रदेश में गांजे की खेती को वैध करने के सरकारी फैसले पर कटाक्ष था।

हिमाचल की योजना पर क्या है विवाद?
हिमाचल प्रदेश सरकार ने गांजे की खेती को नियंत्रित वातावरण में करने की योजना बनाई है, ताकि इसका इस्तेमाल औद्योगिक, वैज्ञानिक और औषधीय उद्देश्यों के लिए किया जा सके। इसके तहत एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 10 और 14 के तहत नियमों में बदलाव का प्रस्ताव है। यह कदम राज्य की आर्थिक स्थिति को सुधारने की दिशा में एक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

तेलंगाना की राजनीति में हलचल
केटी रामाराव का यह बयान राष्ट्रीय राजनीति में हलचल पैदा करने वाला साबित हो रहा है। उनके इस कटाक्ष को तेलंगाना में आगामी चुनावों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है, जहां बीआरएस और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस पर इस तरह के तंज और बयान से दोनों पार्टियों के बीच सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।