Annamalai in Modi Cabinet: लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के बीच, दक्षिण भारत के शीर्ष भाजपा नेताओं के अन्नामलाई और सुरेश गोपी को नई सरकार के मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, इन प्रमुख नेताओं को कैबिनेट में शामिल करने से भाजपा की दक्षिण भारत में पकड़ और मजबूत होगी।

के अन्नामलाई को मिलेगी जगह
पूर्व IPS अफसर और तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। अन्नमालाई को कैबिनेट में शामिल किए जाने के बाद तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष का पद किसी और को सौंपा जाएगा। 2019 में भाजपा में शामिल हुए अन्नामलाई ने 2021 में तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष का पद संभाला था। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में वह कोयंबटूर निर्वाचन क्षेत्र से द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के गणपति राजकुमार से हार गए थे।

सुरेश गोपी को केंद्रीय मंत्रीमंडल में जगह
मलयालम फिल्म उद्योग के प्रसिद्ध एक्शन हीरो सुरेश गोपी ने त्रिशूर लोकसभा सीट पर 74,686 मतों के अंतर से ऐतिहासिक जीत हासिल की। त्रिशूर की सात विधानसभा सीटों में से पांच पर विजयी हुए गोपी ने 412,338 मतों के साथ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के नेता और पूर्व कृषि मंत्री वी.एस. सुनील कुमार को पीछे छोड़ दिया।

हालांकि, सुरेश गोपी ने स्पष्ट किया कि वह केंद्रीय मंत्री बनने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य केरल के लोगों के कल्याण के लिए प्रस्तावित परियोजनाओं को लागू करना है। गोपी का कहना है कि वह चाहते हैं कि मंत्रालय केरल के विकास के लिए उनकी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करे।

दक्षिण भारत में भाजपा की रणनीति
दक्षिण भारत में भाजपा के प्रयासों ने इस बार ऐतिहासिक परिणाम दिए हैं। केरल से भाजपा की त्रिशूर लोकसभा सीट पर जीत ने पार्टी के लिए नए दरवाजे खोले हैं। अन्नामलाई और सुरेश गोपी जैसे नेताओं का कैबिनेट में शामिल होना इस बात का संकेत है कि भाजपा दक्षिण भारत में अपनी पकड़ को मजबूत करना चाहती है।