Odisha Cm Oath Ceremony: भारतीय जनता पार्टी ने ओडिशा विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत हासिल की है। ऐसे में अब नए मुख्यमंत्री के लिए शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित एनडीए के अन्य दिग्गज नेता शामिल हो सकते हैं।

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने दिया इस्तीफा
1997 से ओडिशा पर शासन कर रही बीजू जनता दल (BJD) को 2024 के विधानसभा और संसदीय चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा। इस करारी हार के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में BJD प्रमुख नवीन पटनायक का 24 साल का कार्यकाल समाप्त हो गया। उन्होंने पिछले बुधवार को राजभवन में ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

राज्यपाल रघुवर दास को इस्तीफा सौंपते मुख्यमंत्री नवीन पटनायक।

नवीन पटनायक ने पार्टी के नेताओं को लोगों से जुड़े रहने का दिया निर्देश
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, बीजद नेता महेश साहू ने कहा, "उन्होंने (नवीन पटनायक) हमें अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने की सलाह दी है। हमें अपने क्षेत्र के लोगों से जुड़े रहने और उनकी समस्याओं से अवगत रहने का भी निर्देश दिया।"

बीजद के एक अन्य नेता स्वरूप दास ने कहा कि नवीन पटनायक राज्य के लोगों की भलाई के बारे में बहुत चिंतित हैं। दास ने कहा, "मैं अपने सीएम का आभारी हूं... उन्होंने हमसे लोगों के लिए काम करने का आग्रह किया। ओडिशा के लोगों को हम पर और पार्टी कार्यकर्ताओं पर बहुत भरोसा है। बीजद को 41 प्रतिशत वोट मिले। हमारे सीएम हमेशा ओडिशा की भलाई के बारे में चिंतित रहते हैं और उन्होंने पार्टी के हर कार्यकर्ता को लोगों की भलाई के लिए काम करने का निर्देश दिया है।"

बीजेपी ने जीत ली 78 सीटें
भारतीय जनता पार्टी ने 147 सीटों वाली विधानसभा में 78 सीटें हासिल कीं, जो बहुमत के 74 के आंकड़े को पार कर गई, जबकि बीजद को 51 सीटें मिलीं। विधानसभा चुनाव के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी ने ओडिशा में लोकसभा चुनाव में भी प्रदर्शन किया। भाजपा ने ओडिशा के 21 लोकसभा सीटों में से 20 सीटों पर जीत दर्ज की। जबकि, एक सीट कांग्रेस के खाते में गई। इसका मतलब है कि वर्तमान में पटनायक की पार्टी बीजेडी के एक भी लोकसभा मेंबर नहीं हैं।