Logo
Wrestling Federation Of India (WFI) Election Voting Update: ​​​​​​​भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव की प्रक्रिया जुलाई में शुरू हुई थी। लेकिन पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 11 अगस्त को रोक लगा दी थी। जिसके चलते चुनाव 12 अगस्त को नहीं हो पाए।

Wrestling Federation Of India (WFI) Election Voting Update: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) का आज गुरुवार, 21 दिसंबर को चुनाव है। शाम तक नतीजे आएंगे। अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बृजभूषण शरण सिंह के करीबी कहे जाने वाले संजय सिंह और राष्ट्रमंडल खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट अनीता श्योरण के बीच है। शीर्ष पद के अलावा एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, चार उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव और पांच कार्यकारी सदस्यों के पदों को भी भरा जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि मध्य प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव भी चुनाव लड़ रहे हैं। वे उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों में से एक हैं। 

शाम 4 बजे दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस
शाम चार बजे दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में पहलवान प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसकी जानकारी पहलवान विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस का एजेंडा क्या है? इसके बारे में कुछ भी बताया नहीं गया है। फिलहाल चुनाव 7 अगस्त को बनाई गई वोटर लिस्ट के अनुसार होंगे। 

12 साल लगातार WFI के अध्यक्ष रहे बृजभूषण
बता दें कि भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह 12 साल तक अध्यक्ष पद पर रहे। बृजभूषण सिंह यूपी में कैसरगंज लोकसभा सीट से आते हैं। उन्हें अपने पद से इसलिए हटना पड़ा, जब देश के शीर्ष पहलवानों ने उन पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। दो बार दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया। आखिरकार बृजभूषण पर केस दर्ज हुए। मामला कोर्ट में चल रहा है।

बृजभूषण के खिलाफ पहलवान बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगट ने धरना दिया था। उस वक्त पहलवानों से यह भी वादा किया गया था कि चुनाव में बृजभूषण सिंह के परिवार के किसी भी सदस्य या सहयोगी को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके चलते बृजभूषण के बेटे प्रतीक भूषण सिंह और दामाद विशाल सिंह चुनाव में नहीं उतरे, लेकिन उनके सहयोगी संजय सिंह का नामांकन साफ हो गया।

अनिता को बृजभूषण के विरोधियों का समर्थन
अनिता श्योराण को उन पहलवानों का समर्थन प्राप्त है, जिन्होंने लंबे समय तक डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में भाग लिया था। अनिता हरियाणा के भिवानी जिले के छोटे से गांव ढ़ाणी माहू की रहने वाली हैं। वे पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने बृजभूषण के खिलाफ गवाही भी दी थी। अनिता ने 2010 में हुए राष्ट्र मंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीता था। एशियन चैंपियनशिप में दो बार उन्होंने हिस्सा लिया था। दोनों में कांस्य पदक हासिल किए। वे 8 बार नेशनल चैंपियन रह चुकी हैं। अगर अनिता चुनाव जीतती हैं तो वे इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला होंगी। 

संजय सिंह रह चुके कुश्ती महासंघ का हिस्सा
संजय सिंह कुश्ती महासंघ का हिस्सा रह चुके हैं। वे निवर्तमान संयुक्त सचिव भी हैं। संजय सिंह खुद की जीत के प्रति काफी आश्वस्त हैं। उनके अनुसार, उनके अधिकांश राज्यों के कुश्ती संघों का समर्थन प्राप्त है। संजय सिंह का कहना है कि कुश्ती बिरादरी जानती है कि खेल की भलाई के लिए किसने काम किया और वोट डालते समय इसे ध्यान में रखेगा। 

मोहन यादव के चुनाव में खड़े होने के सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि वे एक पहलवान हैं। अब एक राज्य के मुख्यमंत्री बन गए हैं। मुझे यकीन है कि वह यहां भी जीतेंगे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हो रहा चुनाव
भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव की प्रक्रिया जुलाई में शुरू हुई थी। लेकिन पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 11 अगस्त को रोक लगा दी थी। जिसके चलते चुनाव 12 अगस्त को नहीं हो पाए। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई रोक को खारिज कर दिया, जिससे चुनाव का रास्ता साफ हो गया। इसके बाद नए सिरे से चुनाव की घोषणा की गई। गुरुवार को 11 बजे से मीटिंग शुरू हुई है। डेढ़ बजे वोटों की गिनती की जाएगी। गिनती पूरे होते ही नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा। 

5379487