BCCI banned Harry Brook: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज हैरी ब्रुक को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से 2 साल के लिए बैन कर दिया गया है। यह फैसला ब्रुक के IPL 2025 से खुद को अवेलेबल नहीं कराने के कारण लिया गया है। ब्रुक को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 6.25 करोड़ रुपए में खरीदा था, लेकिन उन्होंने इस सीजन (IPL 2025) में खेलने से इनकार कर दिया। जिसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बैन करने का फैसला किया। बीसीसीआई ने इस बारे में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को इस प्रतिबंध के बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी दे दी है।

क्या है BCCI का नियम?
BCCI ने एक नया नियम बनाया है, जिसके अनुसार अगर कोई खिलाड़ी ऑक्शन में रजिस्टर करने के बाद टीम द्वारा चुने जाने पर टूर्नामेंट से खुद को अवेलेबल नहीं कराता है, तो उसे 2 सीजन के लिए IPL और प्लेयर ऑक्शन में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

हैरी ब्रुक ने क्या कहा?
हैरी ब्रुक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दिल्ली कैपिटल्स और उनके समर्थकों से माफी मांगी। उन्होंने लिखा, "मैंने आगामी IPL से खुद को अलग करने का बहुत मुश्किल फैसला लिया है। मैं दिल्ली कैपिटल्स और उनके समर्थकों से बिना शर्त माफी मांगता हूं। यह इंग्लैंड क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण समय है और मैं आने वाली सीरीज की तैयारी में पूरी तरह से ध्यान देना चाहता हूं। मुझे इसके लिए अपने करियर के बिजी दौर के बाद कुछ समय चाहिए। मैं जानता हूं कि हर कोई मेरे फैसले को समझ नहीं पाएगा, लेकिन मेरे लिए देश के लिए खेलना ही प्राथमिकता है।"

इंग्लैंड का क्रिकेट कैलेंडर
इंग्लैंड की टीम जून में भारत के खिलाफ होम टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसके बाद नवंबर से जनवरी तक ऐशेज सीरीज का आयोजन होगा। ब्रुक ने इससे पहले IPL 2024 से भी खुद को अलग कर लिया था, जब उनकी दादी का निधन हो गया था।

हैरी ब्रुक का IPL रिकॉर्ड
26 वर्षीय हैरी ब्रुक को IPL 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 13.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। हालांकि, उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और उन्हें 2024 के ऑक्शन में रिलीज कर दिया गया। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 6.25 करोड़ रुपए में खरीदा, लेकिन अब उन्हें 2 साल के लिए IPL से दूर रहना पड़ेगा।