नई दिल्ली। इंग्लैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए पहले टेस्ट में श्रीलंका पर 5 विकेट से जीत हासिल की। लेकिन, मैच में बड़ा विवाद हो गया। श्रीलंकाई ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज ने गेंद के “अनुचित” बदलाव को लेकर सवाल उठाए हैं। यह घटना श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान हुई, जब गेंद बदलने के बाद मैच का रुख इंग्लैंड की तरफ काफी हद तक मुड़ गया। मैथ्यूज का मानना ​​है कि गेंद में हुए बदलाव ने मैच का रुख बदलने में अहम भूमिका निभाई।

श्रीलंका की दूसरी पारी के 41वें ओवर में फील्ड अंपायर क्रिस गैफेनी और पॉल राइफल ने गेंद बदलने को मंजूरी दी। उस समय श्रीलंका का स्कोर 4 विकेट पर 146 रन था। मेहमान टीम ने 24 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। मैथ्यूज 59 रन पर खेल रहे थे और कामिंदु मेंडिस 33 रन पर थे। इसी दौरान गेंद बदली गई और मैच का पूरा पासा पलट गया। 

क्या इंग्लैंड बेईमानी से पहला टेस्ट जीता?
मैथ्यूज ने इस फैसले पर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि श्रीलंका ने गेंद की चमक को हटाने के लिए कड़ी मेहनत की थी, जो इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण को बेअसर कर रही थी। हालांकि, एक बार गेंद बदलने के बाद, खेल की रफ्तार बदल गई। इससे इंग्लैंड को नियंत्रण हासिल करने का मौका मिल गया।

मैथ्यूज ने गेंद बदलने पर सवाल उठाए 
मजबूत सीम और साइन वाली गेंद मिलने के बाद तेज गेंदबाजों ने इंग्लैंड की टेस्ट मैच में वापसी करा दी थाी। निर्णायक क्षण 10वें ओवर में आया जब गेंद बदलने के बाद क्रिस वोक्स ने एंजेलो मैथ्यूज को आउट किया। इससे मैथ्यूज और मेंडिस के बीच हुई अहम पार्टनरशिप टूट गई थी। इसे लेकर मैथ्यूज ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो यह दुर्भाग्यपूर्ण था। कल हम गेंद बदलने तक काफी अच्छी स्थिति में थे। मुझे लगता है कि यह दोनों टीमों के बल्लेबाजों के लिए अनुचित हो सकता है, क्योंकि बल्लेबाज सख्त, चमकदार गेंद से छुटकारा पाना चाहते हैं, और एक बार जब हम 48 ओवर का खेल उस गेंद से पूरा कर चुके थे तो ऐसे में इसमें बदलाव समझ से परे था। 

मैथ्यूज ने आगे कहा, "एक बार जब गेंद बदली गई, तो मुझे लगता है कि इसने खेल की पूरी गति को बदल दिया। यह दोनों तरफ स्विंग करने लगी, यह वापस अंदर आने लगी, इसलिए यह वास्तव में मुश्किल था। बल्लेबाज गेंद की कठोरता से छुटकारा पाने का इंतजार कर रहे थे और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गेंद बदल दी गई और यह स्विंग करने लगी और इसने पूरे खेल को बदलकर रख दिया।"

मैथ्यूज अकेले ऐसे नहीं थे, जिन्होंने गेंद बदलने के प्रभाव को महसूस किया। कमेंटेटर और विश्लेषकों ने भी इस बात पर ध्यान दिलाया कि गेंद बदलने के बाद मैच का रुख अचानक बदल गया और श्रीलंका 5 विकेट से टेस्ट मैच हार गया। ये पहला मौका नहीं है, जब इंग्लैंड में बीच टेस्ट के दौरान गेंद बदलने को लेकर सवाल उठे हैं। इससे पहले रिकी पोंटिंग जैसे पूर्व क्रिकेटर ने भी इस तरह की घटनाओं की जांच की मांग की थी।