Harshit Rana Ranji Trophy 2024: दिल्ली के तेज गेंदबाज हर्षित राणा को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में चुना गया है। हर्षित को पहली बार टेस्ट टीम में मौका मिला है। हर्षित फिलहाल, दिल्ली की तरफ से रणजी ट्रॉफी खेल रहे। असम के खिलाफ जारी मैच में हर्षित ने पहले कमाल की गेंदबाजी की और 5 विकेट झटके। हर्षित ने 19.3 ओवर में 80 रन देकर 5 विकेट झटके थे। 

हर्षित राणा की घातक गेंदबाजी की वजह से असम की टीम पहली पारी में 330 रन पर ऑल आउट हो गई थी। इसके जवाब में दिल्ली की पारी लड़खड़ाती दिख रही थी। 182 रन पर 6 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद नंबर-8 पर हर्षित बल्लेबाजी के लिए आए। उस समय दिल्ली की टीम असम से 148 रन पीछे थी। इसके बाद हर्षित ने शानदार बल्लेबाजी की और महज 69 गेंद में अपनी दूसरी फर्स्ट क्लास फिफ्टी जड़ी। उन्होंने 4 चौके और 2 लंबे छक्के भी लगाए। हर्षित 78 गेंद में 59 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने कुल 3 छक्के जमाए। 

वहीं, उनके जोड़ीदार सुमित कुमार ने भी अर्धशतक जमाया। इन दोनों की पारी की बदौलत दिल्ली की टीम ने खबर लिखे जाने तक पहली पारी में 7 विकेट पर 328 रन बना लिए थे। हर्षित को पहली बार श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन डेब्यू नहीं हो पाया था। हर्षित बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में थे। वहां भी उन्हें इंतजार करना पड़ा था।

हर्षित राणा आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेले थे। उन्होंने केकेआर को चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया था। हर्षित जिस समय केकेआर में थे, तब गौतम गंभीर इस फ्रेंचाइजी के मेंटॉर थे और उसी दौरान गंभीर ने हर्षित की प्रतिभा को भांप लिया था।