IND vs NZ 2nd Test Day 1 Live score: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट पुणे में खेला जा रहा। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और अबतक 3 विकेट पर 165 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड को तीसरा झटका डेवोन कॉनवे के रूप में लगा। उन्हें आर अश्विन ने आउट किया। अबतक गिरे तीनों विकेट अश्विन की झोली में ही आए हैं। इसके साथ ही अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने के मामले में नाथन लॉयन को पीछे छोड़ दिया है। अब एक्टिव क्रिकेटर में अश्विन के नाम सबसे अधिक विकेट हो गए हैं। अश्विन के अब 531 विकेट हो गए हैं। उन्होंने 104 टेस्ट में ये मुकाम हासिल किया है जबकि लॉयन के नाम 129 टेस्ट में 530 विकेट हैं। 

पहले सेशन में न्यूजीलैंड ने 2 विकेट पर 92 रन बनाए थे। लंच के फौरन बाद डेवोन कॉनवे ने चौका मारकर अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 109 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। इससे पहले, कॉनवे ने बेंगलुरु टेस्ट में भी अर्धशतक जमाया था। 

इससे पहले, न्यूजीलैंड के गिरे दोनों विकेट आऱ अश्विन को मिले। अश्विन ने टॉम लैथम को 15 रन के स्कोर पर LBW  किया और इसके बाद विल यंग को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट करवाया। 

भारतीय टीम में पुणे टेस्ट के लिए 3 बदलाव हुए हैं। मोहम्मद सिराज, केएल राहुल और कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी गई है। इनके स्थान पर शुभमन गिल, वॉशिंगटन सुंदर और आकाश दीप टीम में आए हैं। वहीं, न्यूजीलैंड टीम में भी एक बदलाव हुआ है। मेट हैनरी के स्थान पर मिचेल सैंटनर खेल रहे हैं। 

टॉस के बाद रोहित शर्मा ने कहा कि हम भी पहले बल्लेबाजी ही करते। पिच कैसी भी हो हमें अच्छा क्रिकेट खेलना होगा। कैसी भी परिस्थिति हो मैच में आप हमेशा वापसी की कोशिश करते रहते हैं। पिच थोड़ी सूखी दिख रही। पहले 10-15 ओवर काफी अहम होंगे। हमने तीन बदलाव किए हैं। 

इस मैदान पर न्यूजीलैंड टीम अपना पहला टेस्ट खेल रही। मौजूदा सीरीज का पहला टेस्ट बेंगलुरु में 16 अक्टूबर से खेला गया था, जिसमें रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को न्यूजीलैंड ने हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की थी। 

भारत की प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, सरफराज खान, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आर अश्विन, आकाश दीप जसप्रीत बुमराह। 

न्यूज़ीलैंड की प्लेइंग-11: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, विल यंग, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडल (विकेटकीपर), ग्लेन फ़िलिप्स, मिचेल सैंटनर,टिम साउदी, एजाज़ पटेल, विलियम ओरूर्क।