Logo

ipl 2025: चेन्नई सुपर किंग्स भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच हार गई। लेकिन, उसके 20 साल के रिस्ट स्पिनर नूर अहमद को जरूर फायदा हो गया। आरसीबी के खिलाफ तीन विकेट लेने वाले नूर ने पर्पल कैप पर कब्जा जमा लिया है। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के शार्दुल ठाकुर को पछाड़कर पर्पल कैप हासिल की। शार्दुल ने दो दिन पहले ही 4 विकेट लेकर पर्पल कैप पर कब्जा जमाया था। लेकिन, नूर अहमद ने 2 दिन में ही इसे हासिल कर लिया। 

एमएस धोनी की तेजतर्रार स्टंपिंग की मदद से नूर अहमद ने आरसीबी के खिलाफ मैच में पहले फ़िल सॉल्ट और फिर विराट कोहली का शिकार किया। इसके बाद उन्होंने लियम लिविंगस्टन को आउट कर पर्पल कैप हासिल कर ली। इससे पहले मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ भी नूर ने 4 विकेट झटके थे। नूर के नाम अब 7 जबकि शार्दुल ठाकुर के नाम 6 विकेट हैं।

आईपीएल 2025 में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में जोश हेजलवुड तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2 मैच में 5 विकेट लिए हैं। हेज़लवुड ने कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ़ पहले मैच में 2 शिकार किए थे। खलील अहमद (4 विकेट) चौथे और आर साईं किशोर (3 विकेट) 5वें स्थान पर हैं। 

वहीं LSG के निकोलस पूरन और मिचेल मार्श अभी भी ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं जबकि रचिन रवींद्र की शीर्ष-5 में एंट्री हुई है। 2 मैच में पूरन ने 2 अर्धशतक की मदद से 145 रन बनाए हैं और वो टॉप पर हैं। दूसरे स्थान पर लखनऊ के ही ऑलराउंडर मिचेल मार्श हैं। उनके नाम 2 मैच में 124 रन हैं। ट्रैविस हेड के नाम 2 मैच में 114 रन हैं। 106 रन के साथ ईशान किशन चौथे स्थान पर हैं। रचिन रवींद्र के भी इतने ही रन हैं।