Australia Champions Trophy Squad: ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने व्यक्तिगत कारणों से चैंपियंस ट्रॉफी से अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए फाइनल-15 खिलाड़ियों का ऐलान कर दिया, जिसकी कमान स्टीव स्मिथ को सौंपी गई है।

स्टार्क की गैरहाजिरी से ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाजी यूनिट कमजोर हो गई है, क्योंकि टीम पहले ही पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल मार्श की चोट और मार्कस स्टोइनिस के संन्यास से प्रभावित थी। स्टार्क ने अपने फैसले को लेकर गोपनीयता बनाए रखने का आग्रह किया है।

स्टार्क भी चैंपियंस ट्रॉफी से हटे
ऑस्ट्रेलियाई चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा, 'हम मिचेल स्टार्क के फैसले का सम्मान करते हैं। वह हमेशा से देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कई बार दर्द और मुश्किल हालातों में खेला है। उनका न होना निश्चित रूप से टीम के लिए एक झटका है, लेकिन यह अन्य खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का अवसर भी है।'

ऑस्ट्रेलिया की नई टीम में 5 बदलाव
स्टार्क की गैरमौजूदगी में ऑस्ट्रेलिया ने सीन एबॉट, बेन ड्वारशुईस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, स्पेंसर जॉनसन और तनवीर संघा को टीम में शामिल किया है। कूपर कॉनॉली को ट्रेवलिंग रिजर्व के रूप में रखा गया है।

जेक फ्रेजर-मैकगर्क, जिन्होंने अब तक पांच वनडे में 17.40 की औसत से रन बनाए हैं, हाल ही में बिग बैश लीग (BBL) में 95 रन (46 गेंद) की ताबड़तोड़ पारी खेलकर चर्चा में आए थे। वहीं, स्पेंसर जॉनसन, जो स्टार्क के विकल्प माने जा रहे हैं, अब तक दो वनडे में विकेट लेने में असफल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग इलेवन में अब दो प्रमुख स्पिनर होंगे – एडम ज़म्पा और तनवीर संघा। संघा पहले से श्रीलंका दौरे पर टेस्ट टीम के साथ डेवलेपमेंट प्लेयर के रूप में मौजूद थे।

ऑस्ट्रेलिया का पहला मैच 22 फरवरी को
स्टीव स्मिथ को इस टूर्नामेंट के लिए कप्तान बनाया गया है, क्योंकि पैट कमिंस और मिचेल मार्श दोनों चोटों के कारण उपलब्ध नहीं हैं। स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती थी। टूर्नामेंट से पहले, ऑस्ट्रेलिया की टीम 14 और 16 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ दो वनडे खेलेगी।

ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप स्टेज के मुकाबले:
22 फरवरी: इंग्लैंड के खिलाफ
25 फरवरी: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ
28 फरवरी: अफगानिस्तान के खिलाफ

Australia Champions Trophy squad: स्टीव स्मिथ (कप्तान), सीन एबॉट, एलेक्स कैरी, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, आरोन हार्डी, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, स्पेंसर जॉनसन, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, तनवीर संघा, मैथ्यू शॉर्ट, एडम ज़म्पा।