Yograj Singh on Dhoni: पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी पर निशाना साधा है। धोनी पर हमला बोलते हुए योगराज ने कहा कि वो धोनी को कभी माफ नहीं करेंगे। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। 

योगराज सिंह ने Zee स्विच के यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा, "मैं एमएस धोनी को माफ नहीं करूंगा। उन्हें अपना चेहरा आईने में देखना चाहिए। वह बहुत बड़े क्रिकेटर हैं, लेकिन उन्होंने मेरे बेटे के खिलाफ जो किया है, वह सब अब सामने आ रहा। इसे कभी माफ नहीं किया जा सकता। मैंने जीवन में कभी दो चीजें नहीं की हैं-पहला, मैंने कभी किसी को माफ नहीं किया जिसने मेरे लिए गलत किया है और दूसरा, मैंने अपने जीवन में कभी उन्हें गले नहीं लगाया है, चाहे वह मेरे परिवार के सदस्य हों या मेरे बच्चे।"

यह पहली बार नहीं है जब योगराज सिंह ने महेंद्र सिंह धोनी पर सीधा हमला किया है। इस साल की शुरुआत में, युवराज के पिता ने दावा किया था कि धोनी के बुरे कामों के कारण CSK IPL 2024 नहीं जीती। उन्होंने धोनी पर युवराज से "ईर्ष्या" करने का भी आरोप लगाया।

योगराज ने कहा, "CSK ने IPL 2024 खो दिया। वे क्यों हारे? जो बोओगे, वही काटोगे। युवराज सिंह ICC के राजदूत हैं, उन्हें सलाम! और यह ईर्ष्यालु धोनी, वह कहां है? उसने युवराज से हाथ भी नहीं मिलाया, और यही कारण है कि CSK इस साल असफल रही।"

धोनी ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, 43 साल के माही अभी भी आईपीएल में खेल रहे। चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ धोनी का भविष्य फिलहाल पक्का नहीं है क्योंकि यह साफ नहीं है कि वह अगले साल आईपीएल में हिस्सा लेंगे या नहीं।