rishabh pant: भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत को जलती कार से बचाने वाले रजत कुमार इन दिनों जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे। 25 साल के रजत और उनकी 21 साल की गर्लफ्रेंड मनु कश्यप ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस घटना में मनु की तो मौत हो गई जबकि रजत की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना बीते 9 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के बुच्चा बस्ती गांव में हुई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रजत और मनु लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे लेकिन दोनों के परिवारों ने उनकी शादी को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। अलग-अलग जाति से होने के कारण उनके परिवारों ने उनकी शादी के लिए रजामंदी नहीं दी और उनकी शादियां अन्य जगह तय कर दी गईं। इस बात से दुखी होकर दोनों ने जहर खा लिया।
मनु की मौत, रजत पर केस दर्ज
मनु कश्यप की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मनु की मौत के बाद उनकी मां ने रजत कुमार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि रजत ने उनकी बेटी का अपहरण किया और उसे जहर खिलाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
IND vs ENG: केएल राहुल या ऋषभ पंत? चैंपियंस ट्रॉफी में कौन खेलेगा, हेड कोच गौतम गंभीर ने कर दिया साफ
ऋषभ पंत की जान बचाकर हीरो बने थे रजत
रजत कुमार दिसंबर 2022 में राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अपने साथी निशु कुमार के साथ मिलकर भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत को एक कार हादसे में बचाया था। पंत की मर्सिडीज कार दिल्ली से उत्तराखंड जाते समय रुड़की के पास डिवाइडर से टकरा गई थी और उसमें आग लग गई थी। उस समय रजत और निशु ने बहादुरी दिखाते हुए उन्हें जलती कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया था। इस बहादुरी को लेकर रजत की देशभर में तारीफ हुई थी। ऋषभ पंत ने अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए दोनों को स्कूटर उपहार में दिए थे।
जांच जारी, रजत की हालत नाजुक
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही। वे आत्महत्या के प्रयास के पीछे की असल वजहों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, मनु कश्यप के परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। इस बीच, डॉक्टरों के मुताबिक, रजत कुमार की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।