Logo
India vs South Africa: भारत ने पहले वनडे में साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से हराया। डेब्यूटेंट साईं सुदर्शन ने फिफ्टी ठोकी।

नई दिल्ली। भारत ने साउथ अफ्रीका को 3 वनडे की सीरीज के पहले मुकाबले में हराया। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। टीम इंडिया ने 117 रन के टारगेट को 2 विकेट खोकर हासिल किया। डेब्यूटेंट साईं सुदर्शन ने अर्धशतक ठोका। वहीं, श्रेयस अय्यर ने भी 52 रन की पारी खेली। अर्शदीप सिंह ने 5 और आवेश खान ने 4 विकेट झटके। 

साउथ अफ्रीका ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। कप्तान एडेन मार्करम का ये निर्णय गलत साबित हुआ। साउथ अफ्रीका को दूसरे ही ओवर में लगातार दो झटके लगे। अर्शदीप सिंह ने पहले रीजा हेंड्रिक्स को क्लीन बोल्ड किया और अगली ही गेंद पर रासी वैन डर डुसेन का शिकार किया। हेंडिंक्स और डुसेन दोनों ही खाता नहीं खोल पाए।

अर्शदीप ने पहली बार झटके 5 विकेट

दो शुरुआती झटकों से साउथ अफ्रीका की टीम उबर नहीं पाई और नियमित अंतराल पर विकेट गिर गए। 50 रन के स्कोर पर साउथ अफ्रीका ने 4 विकेट गंवा दिए थे। ये चारों शिकार अर्शदीप सिंह ने किए। इसके बाद आवेश खान भी अफ्रीकी बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे और उन्होंने भी 11वें ओवर की लगातार 2 गेंद पर एडेन मार्करम और वियान मुल्डर को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद आवेश ने डेविड मिलर (2) को भी आउट किया। 

इसके बाद, अर्शदीप ने केशव महाराज और एंडिल फुहलुकवायो को आउट कर अपने 5 विकेट पूरे किए। उन्होंने पहली बार वनडे में 5 विकेट लेने का कारनामा किया। साउथ अफ्रीका की टीम 27.3 ओवर में 116 रन पर ढेर हो गई। 

भारत ने 8 विकेट से साउथ अफ्रीका को हराया
इसके जवाब में भारत ने 17वें ओवर में जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। अपने पहले वनडे में ही ओपनर साईं सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी की और 41 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। विनिंग शॉट तिलक वर्मा के बल्ले से निकला। 5 विकेट लेने वाले अर्शदीप सिंह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। 

5379487