Khel Ratna Award 2023 : भारतीय बैडमिंटन के नए पोस्टर बॉय बनकर उभरे सात्विक साईंराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में महामहिम द्रौपदी मुर्मू ने देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित किया। पिछले साल इन दोनों शटलर ने कमाल का प्रदर्शन किया था। एशियन गेम्स के मेंस इवेंट के डबल्स में गोल्ड जीतने के साथ ही विश्व रैंकिंग में ये भारतीय जोड़ी नंबर-1 भी बनी थी। 

इसी प्रदर्शन के आधार पर सात्विक-चिराग को देश का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार मिला। हालांकि, ये कोई पहला मौका नहीं है, जब किसी बैडमिंटन खिलाड़ी को खेल रत्न मिला हो। इससे पहले, पुलेला गोपीचंद (2000-01), साइना नेहवाल (2010) और पीवी सिंधू (2016) को ये पुरस्कार मिल चुका है। 

सात्विक-चिराग ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीता था
वहीं, पैरा बैडमिंटन में प्रमोद भगत और कृष्णा नागर को 2021 में भी खेल रत्न मिला था। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने चीन के हांगझोऊ में हुए एशियन गेम्स में बैडमिंटन के मेंस डबल्स इवेंट में देश के गोल्ड मेडल जीता था। इस जोड़ी ने इस खेल में चीन के दबदबे को खत्म किया था। देश को पहली बार एशियन गेम्स के बैडमिंटन इवेंट में इस जोड़ी ने गोल्ड मेडल दिलाया था। 

3 साल पहले दोनों को अर्जुन पुरस्कार मिला था
इससे पहले, सात्विक और चिराग को 2020 में ही अर्जुन पुरस्कार भी मिला था। दोनों ने 2022 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स भी दमदार प्रदर्शन किया था और बैडमिंटन के मेंस डबल्स में पहली भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था। इन खेलों में कामयाबी की नई इबारत गढ़ने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इन दोनों से मिले थे। 

2022 के बाद से, सात्विक-चिराग की भारतीय जोडी ने 5 BWF वर्ल्ड टूर खिताब जीते हैं। इसका आगाज जनवरी 2022 में इंडियन ओपन की खिताबी जीत से हुई थी। 2022 के आखिर में इस जोड़ी ने फ्रेंच ओपन का भी खिताब जीता था।