नई दिल्ली। भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ अगर कोई एक खिलाड़ी सबसे बड़ा खतरा है तो वो यशस्वी जायसवाल हैं। इसलिए इंग्लैंड की नजर यशस्वी को जल्द से जल्द आउट करने पर रहती है। इसके लिए इंग्लैंड की टीम ने रांची टेस्ट में हद पार कर दी और फर्जी अपील भी कर दी। वो तो टीवी रीप्ले में दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। इसके बाद बेन स्टोक्स की खुशी काफूर हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

रांची टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी 353 रन पर खत्म हुई थी। इसके बाद रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए पारी शुरू की। रोहित के जल्दी आउट होने के बाद यशस्वी ने मोर्चा संभाला और खुलकर बल्लेबाजी की। भारतीय पारी के 20वां ओवर ओली रॉबिन्सन फेंक रहे थे। उनके इस ओवर की आखिरी गेंद ऑफ स्टम्प से काफी बाहर थी। इस पर यशस्वी ने शॉट खेलने की कोशिश की। लेकिन, गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर बेन फोक्स की तरफ गई। उन्होंने आगे की तरफ हाथ बढ़ाते हुए गेंद को पकड़ लिया और फिर कैच की जोरदार अपील कर दी। 

यशस्वी के खिलाफ इंग्लैंड की फर्जी अपील
फोक्स के साथ ही बेन स्टोक्स और बाकी इंग्लिश खिलाड़ी भी जश्न मनाने लगे, मानो उन्होंने यशस्वी जायसवाल का विकेट हासिल कर लिया। स्टोक्स को मैदान पर ही उछल-कूद मचाने लगे थे। लेकिन, यशस्वी को यकीन था कि कैच क्लीन नहीं था। गेंद विकेटकीपर फोक्स के दस्तानों में समाने से पहले जमीन से टकराई थी। उन्होंने रिव्यू लेने का फैसला लिया और जैसे ही टीवी रीप्ले सामने आया, सब साफ हो गया। यशस्वी ने जैसा सोचा था, वैसा ही हुआ और गेंद जमीन पर छूने के बाद फोक्स के दस्तानों पर गई थी। एक झटके में ही बेन स्टोक्स की खुशी काफूर हो गई और उनके चेहरे का रंग ही उतर गया। 

इंग्लैंड का यशस्वी को आउट करने का ये पैंतरा काम नहीं आया और इसके बाद उन्होंने अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। खबर लिखे जाने तक यशस्वी ने 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बना लिए थे।