Logo
Hardik Pandya on Rohit Sharma: कप्तानी से हटाए जाने के बाद मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा की भूमिका क्या होगी? इस सवाल के जवाब में हार्दिक पंड्या ने बड़ी बात कही है।

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने सोमवार को कहा कि टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल 2024 के दौरान उनके लिए मार्गदर्शक की भूमिका में रहेंगे। भले ही मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 के शुरू होने से पहले रोहित को कप्तानी से हटाने का फैसला लिया है। पंड्या पिछले दो आईपीएल सीजन में गुजरात टाइटंस के कप्तान थे। वो आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलेंगे और इस टीम की कप्तानी करेंगे। पांच बार मुंबई को चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा को हटाकर पंड्या को MI का कप्तान बनाया गया है। 

हार्दिक पंड्या ने आईपीएल 2024 से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "यह कुछ अलग नहीं होगा, वह (रोहित) मेरी मदद के लिए हमेशा मौजूद रहेंगे। इस टीम ने जो हासिल किया है, वह उनके नेतृत्व में हासिल किया है और मुझे बस इसे आगे बढ़ाना है। मेरे कंधों पर उनका हाथ रहेगा।"

रोहित का हाथ मेरे कंधे पर हमेशा रहेगा: पंड्या
जब पंड्या से रोहित को कप्तानी से हटाने पर फैंस की नाराजगी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हम फैंस का सम्मान करते हैं लेकिन हम खेल पर ध्यान केंद्रित करते हैं और जो जरूरी है उस पर फोकस करते हैं। मैं उन चीजों पर ही फोकस रखता हूं, जिन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। प्रशंसकों को हर अधिकार है और मैं उनकी राय का सम्मान करता हूं।"

पंड्या तीन महीने बाद मैदान पर वापसी करेंगे
पंड्या आईपीएल के साथ शीर्ष स्तर के क्रिकेट में वापसी करेंगे। अक्टूबर में घरेलू वनडे विश्व कप में उन्हें टखने में चोट लग गई थी और उन्हें तीन महीने तक मैदान से दूर रहना पड़ा था। पंड्या ने अपनी फिटनेस को लेकर कहा, "मेरे शरीर को लेकर कोई समस्या नहीं है, मैं सभी मैच खेलने की योजना बना रहा हूं। आईपीएल में, मैंने वैसे भी बहुत मैच गंवाए हैं। तकनीकी रूप से, मैं तीन महीने के लिए बाहर था। यह एक अजीब चोट थी। मैंने गेंद को रोकने की कोशिश की और घायल हो गया।"

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंड्या के साथ बैठे मुख्य कोच मार्क बाउचर से भी रोहित और आगे उनकी भूमिका के बारे में पूछा गया। इस पर बाउचर ने कहा, "रोहित शानदार फॉर्म में हैं। हम रोहित के खुद को अभिव्यक्त करने का इंतजार कर रहे हैं। हमने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए देखा। वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं।"

5379487