नई दिल्ली। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच सेंट जॉर्ज में खेला गया तीसरा टी20 मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इंग्लैंड ने आखिरी ओवर में हारी हुई बाजी पलट दी। इंग्लिश टीम को आखिरी 6 गेंदों में 21 रन की दरकार थी और हैरी ब्रूक ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग कर 1 गेंद रहते ही 223 रन के टारगेट को हासिल कर लिया। इससे पहले, मेजबान वेस्टइंडीज ने शुरुआती दोनों टी20 जीते थे। 

तीसरे टी20 में इंग्लैंड ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी का फैसला किया था। हालांकि, इंग्लैंड का ये फैसला सही साबित नहीं हुआ। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाए। वेस्टइंडीज की तरफ से निकोलस पूरन ने 45 गेंद में 82 रन की पारी खेली थी। निकोलस ने अपनी इस पारी में 6 चौके और इतने ही छक्के उड़ाए। उनके अलावा कप्तान रोवमैन पॉवेल ने भी 39 रन बनाए। 

वेस्टइंडीज ने 222 रन बनाए थे
शाई होप ने 26 रन बनाए तो वहीं शरफेन रदरफोर्ड ने 29 रन जोड़े। इंग्लैंड की तरफ से आदिल राशिद और सैम करेन ने 2-2 विकेट हासिल किए। 223 रन के टारेगट का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम को फिलिप साल्ट और जोस बटलर ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.2 ओवर में 115 रन जोड़े थे। इसी स्कोर पर बटलर (52) आउट हो गए थे। इसके बाद विल जैक्स भी 1 रन बनाकर च़लते बने। लियाम लिविंगस्टोन ने भी 18 गेंद में 30 रन बनाए। 

5 गेंद में ब्रूक ने पलट दी बाजी
इंग्लैंड को आखिरी 6 गेंदों में 21 रन की दरकार थी और स्ट्राइक पर हैरी ब्रूक थे। वेस्टइंडीज की तरफ से गेंदबाजी के लिए आंद्रे रसेल आए। जो डेथ ओवर में अच्छी बॉलिंग करते हैं। हालांकि, रसेल की पहली ही गेंद पर ब्रूक ने चौका जड़ दिया। अब 5 गेंद में 17 रन की जरूरत थी। रसेल की अगली दो गेंद पर ब्रूक ने 2 छक्के उड़ाए और खेल पूरी तरह पलट दिया।

अब 2 गेंद में 5 रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर ब्रूक ने 2 रन लिए और पांचवीं पर फिर हवाई फायर कर और एक गेंद रहते ही इंग्लैंड को रोमांचक जीत दिला दी। ब्रूक ने 5 गेंद में 24 रन ठोक मैच का नतीजा इंग्लैंड के हक में कर दिया।