नई दिल्ली। आईपीएल 2024 से पहले गुजरात टाइटंस के धाकड़ बैटर ने संन्यास का ऐलान कर दिया। खिलाड़ी के अचानक लिए इस फैसले से हर कोई दंग है। फैंस को शायद ही ये उम्मीद होगी कि आईपीएल 2024 से पहले बैटर रिटायरमेंट का फैसला लेगा। हालांकि, खिलाड़ी ने ये साफ भी कर दिया है कि वो टी20 क्रिकेट खेलता रहेगा। इसका मतलब आईपीएल में भी हिस्सेदारी जारी रहेगी। इस खिलाड़ी का नाम मैथ्यू वेड है और वेड ने संन्यास फर्स्ट क्लास क्रिकेट से लिया है। ऐसा उन्होंने टी20 करियर को लंबा खींचने के इरादे से किया है। 

ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बैटर मैथ्यू वेड का आखिरी रेड बॉल मैच शेफील्ड शील्ड का फाइनल होगा, जो पर्थ में तस्मानिया और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। वेड तस्मानिया की तरफ से इस मैच में उतरेंगे और इसी वजह से वो आईपीएल 2024 के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाएंगे। वेड ने 2007 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने 40.81 की औसत से 9183 रन बनाए थे। इसमें 19 शतक और 54 अर्धशतक शामिल हैं। बैटिंग के अलावा उन्होंने विकेट के पीछे भी अच्छा प्रदर्शन किया। वेड ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 442 कैच और 21 स्टम्पिंग की। 

होबार्ट में जन्मे वेड ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से से 2012 से 2021 के बीच में कुल 36 टेस्ट खेले। इसमें उन्होंने 29.87 की औसत से 1613 रन बनाए थे। उन्होंने टेस्ट में 4 शतक भी जमाए थे। 2019 की एशेज सीरीज में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2 शतक जमाए थे। वेड ने विक्टोरिया के लिए खेलते हुए कुल 4 बार खिताब अपने नाम किए। इनमें से 2 बार खुद वो ही कप्तान थे। 

मैथ्यू वेड ने संन्यास के फैसले के बाद अपने परिवार के बलिदान के लिए आभार व्यक्त किया। वेड ने अपने देश के लिए सफेद गेंद क्रिकेट खेलना जारी रखने के अपने इरादे की पुष्टि की। वेड ने कहा, "सबसे पहले, मैं अपने परिवार, अपनी पत्नी जूलिया और बच्चों विंटर, गोल्डी और ड्यूक को मेरे करियर के दौरान किए गए बलिदानों के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, क्योंकि मैंने एक रेड बॉल क्रिकेटर के रूप में ऑस्ट्रेलिया और दुनिया की यात्रा की।"