Pathum Nissanka Double Century : श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच पल्लेकल में खेले जा रहे पहले वनडे में श्रीलंका के ओपनर पाथुम निसंका ने इतिहास रच दिया। वो श्रीलंका की तरफ से वनडे में दोहरा शतक जमाने वाले पहले बैटर बने।

इसके अलावा उन्होंने श्रीलंका की तरफ से वनडे में सनथ जयसूर्या का सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। जयसूर्या ने अक्टूबर 2000 में भारत के खिलाफ शारजाह में खेले गए वनडे में 161 गेंद में 189 रन की पारी खेली थी। लेकिन, निसंका उनसे आगे निकल गए। पाथुम निसंका ने 136 गेंद में अपना दोहरा शतक पूरा किया। निसंका 139 गेंद में नाबाद 210 रन बनाए।

इस पारी में श्रीलंकाई बैटर ने 20 चौके और 8 छक्के मारे। निसंका की इस आतिशी पारी की मदद से श्रीलंका ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में 50 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 381 रन बनाए।

निसंका वनडे में 5वीं सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बैटर बने। उन्होंने फखर जमां की बराबरी की। पाकिस्तान के इस बाएं हाथ के बैटर ने भी 210 रन की नाबाद पारी खेली थी। हालांकि, फखर ने इसके लिए 156 गेंद खेली थी। लेकिन, निसंका ने तो 139 गेंद में 210 रन ठोक डाले। 

पाथुम निसंका वनडे में दोहरा शतक जमाने वाले 10वें बैटर बने हैं जबकि श्रीलंका की तरफ से वो ये मुकाम हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में ओपनर अविष्का फर्नांडो के साथ पहले विकेट के लिए 182 रन की साझेदारी की थी। इसके बाद उन्होंने सदीरा समरविक्रमा के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 71 गेंद में 120 रन की पार्टनरशिप की। 

पाथुम निसंका ने सनथ जयसूर्या के सामने ही उनका रिकॉर्ड तोड़ा।

निसंका ने जब दोहरा शतक ठोका, तब सनथ जयसूर्या स्टेडियम में ही बैठे थे। इससे पहले, श्रीलंका की तरफ से सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड जयसूर्या के ही नाम था। वो वनडे में दोहरा शतक ठोकने वाले तीसरे सबसे तेज बैटर हैं। पहले नंबर पर भारत के ईशान किशन हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 126 गेंद में डबल सेंचुरी जमाई थी। वहीं, ग्लेन मैक्सवेल ने 128 गेंद में दोहरा शतक पूरा किया था। पाथुम ने अपना दोहरा शतक पूरा करने के लिए 136 गेंद खेंली।