Ranji Trophy 2024: रणजी ट्रॉफी 2024 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में विदर्भ ने मध्यप्रदेश को 62 रन से हराया। इसके साथ ही विदर्भ की टीम रणजी ट्रॉफी 2024 के फाइनल में पहुंच गई है। निर्णायक मुकाबले में विदर्भ का सामना मुंबई से होगा। यह मुकाबला 10 मार्च से खेला जाएगा। इससे पहले दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई ने तमिलनाडु को हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी। शानदार प्रदर्शन के लिए यश राठौड़ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 

पहली पारी में विदर्भ ने बनाए 170 रन
मुकाबले की बात करें तो विदर्भ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 170 रन बनाए। करुण नायर ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज अथर्व तायडे ने 39, यश राठौड़ ने 17 और ध्रुव शौरी-अमन मोखाड़े ने 13-13 रन की पारी खेली। मध्यप्रदेश की ओर से आवेश खान ने सबसे ज्यादा 4 सफलताएं प्राप्त कीं। जवाब में मुंबई ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 252 रन बनाए और 82 रनों की बढ़त हासिल की। मध्यप्रदेश की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज हिमांशु मंत्री ने शतक लगाया। उन्होंने 265 गेंदों पर 126 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 1 छक्का जड़ा। विदर्भ की ओर से उमेश यादव और यश ठाकुर ने 3-3 शिकार किए।

यश राठौड़ ने जड़ा शतक
यश राठौड़ के शानदार शतक की बदौलत विदर्भ ने दूसरी पारी में 402 रन बना दिए। यश ने 18 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 200 गेंदों पर 141 रन की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान अक्षय वाडकर ने 77, अमन मोखाड़े ने 59 और ध्रुव शौरी ने 40 रन बनाए। मुंबई की ओर से अनुभव अग्रवाल ने 5 शिकार किए। दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत के बाद मुंबई की टीम लड़खड़ा गई और 258 रन पर सिमट गई। यश दुबे (94) और हर्ष गवली (67) ने अर्धशतक लगाया, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। विदर्भ की ओर से यश ठाकुर और अक्षय वखारे ने 3-3 विकेट झटके। उनके अलावा आदित्य सरवटे और आदित्य ठाकरे ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

ये भी पढ़ें: Ravichandran Ashwin: 'उस सीरीज ने सब कुछ बदल दिया', 5वें टेस्ट से पहले अश्विन का बड़ा खुलासा; 100वें टेस्ट पर भी बोले