IPL 2024, Rishabh Pant: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं। दिसंबर 2022 में रोड एक्सीडेंट में घायल होने के बाद उन्होंने कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। अब वह सीधे IPL 2024 में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। हालांकि, लीग की शुरुआत से पहले पंत खास खेल खेलते नजर आए हैं। दरअसल पंत ने सड़क पर बच्चों के साथ कंचे खेले हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसका वीडियो भी शेयर किया है। पंत का यह वीडियो देखकर आपको बचपन की याद आ जाएगी। 

IPL की तैयारी में जुटे हैं पंत
पंत द्वारा शेयर वीडियो में देखा जा सकता है कि वह व्हाइट हाफ पैंट और टी शर्ट में नजर आ रहे हैं। पंत का यह अंदाज उनके फैंस को काफी भा रहा है। पंत बच्चों के साथ कंचे खेल रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह कंचों पर निशाना साध रहे हैं। उन्हें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने बचपन में इस खेल को काफी खेला है। वीडियो के साथ कैप्शन में पंत ने लिखा है, "लंबे वक़्त बाद पड़ोस में काफी रैंडम।" पंत इन दिनों आईपीएल की तैयारी में जुटे हुए हैं। आए दिन वह अभ्यास के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। 

ऋषभ पंत ने IPL में बनाए हैं 2838 रन
बता दें कि पंत 2022 के अंत में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चोट के कारण वह वनडे विश्व कप 2023, एशिया कप 2023, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल समेत कई बड़े टूर्नामेंट नहीं खेल पाए। इसके अलावा वह IPL  2023 से भी बाहर हो गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में डेविड वार्नर ने फ्रेंचाइजी की कमान संभाली थी। हालांकि पंत IPL 2024 में वापसी कर सकते हैं। वह लगातार बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे हैं। लीग में उनके प्रदर्शन की बात करें तो ऋषभ पंत ने IPL में अब तक खेले 98 मैच में करीब 35 की औसत और 148 की स्ट्राइक रेट से 2838 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 15 शतक और 1 शतक जड़ा है। 

ये भी पढ़ें: IPL 2024: ऋषभ पंत के आईपीएल 2024 में खेलने पर आई बड़ी खबर, कब तक लीग में ले पाएंगे हिस्सा? जानें