IPL 2024, Rishabh Pant: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 17वां सीजन शुरू होने में अब चंद दिन बचे हैं। 22 मार्च से IPL 2024 का आगाज होगा। IPL 2024 के पहले मैच में पिछले सीजन की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर (CSK) से होगा। लीग की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छी खबर सामने आई है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत पूरी तरह फिट हो गए है। ऐसे में वह आगामी सीजन में खेलते हुए और कप्तानी करते हुए भी नजर आ सकते हैं। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) से ऋषभ पंत को फिटनेस सर्टिफिकेट भी मिल गया है।

2-3 दिन पहले मिल गई थी मंजूरी
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) से फिटनेस सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद ऋषभ पंत आगामी IPL संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सूत्रों ने यह भी कहा कि बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद 2-3 दिन पहले ही NCA छोड़ दिया था।

बतौर कप्तान खेलेंगे ऋषभ पंत
इससे पहले खबर आई थी कि ऋषभ पंत को IPL 2024 में भाग लेने के लिए अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। हाल में DC के क्रिकेट निदेशक सौरव गांगुली ने कहा था कि ऋषभ पंत की क्लीयरेंस रिपोर्ट 5 मार्च तक उपलब्ध होगी। वहीं फ्रेंचाइजी के मालिक पर्थ जिंदल ने हाल ही में कहा था कि ऋषभ पंत इस सीजन वापसी कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि पंत बतौर कप्तान इस सीजन में खेलेंगे, लेकिन इस दौरान वह विकेटकीपिंग नहीं करेंगे। 2022 के अंत में ऋषभ पंत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद से ही वह क्रिकेट से दूर है। वह IPL 2023 भी नहीं खेल पाए थे। उनकी गैर मौजूदगी में डेविड वार्नर ने दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी। पंत की वापसी से दिल्ली कैपिटल्स के मिडिल ऑर्डर को मजबूती मिलेगी। IPL 2023 में दिल्ली का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और टीम ने 14 में से सिर्फ 5 मैच ही जीते थे। 

IPL में ऋषभ पंत का प्रदर्शन
IPL में ऋषभ पंत के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले 98 मुकाबलों में 34.61 की औसत और 147.97 की स्ट्राइक रेट से 2838 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 15 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है। लीग में उनका सर्वाधिक स्कोर 128* रन है। ऋषभ पंत आखिरी IPL 2022 में खेलते हुए नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने 14 मुकाबलों में 340 रन बनाए थे। 

ये भी पढ़ें: IPL 2024: कोलकाता नाइटराइडर्स ने किया जेसन रॉय के रिप्लेसमेंट का ऐलान, फिल साल्ट को अपने साथ जोड़ा