नई दिल्ली। 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस आईपीएल के मौजूदा सीजन में अबतक खेले तीनों मैच हारी है और अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है। इस बीच, टीम को शुक्रवार को अच्छी खबर मिल गई। टी20 के नंबर 1 बैटर सूर्यकुमार यादव चोट से पूरी तरह उबरने के बाद टीम में वापस आ गए हैं। सूर्यकुमार ने नेट्स पर काफी देर बल्लेबाजी का अभ्यास किया और बड़े-बड़े शॉट्स लगाए। यानी दिल्ली के लिए खतरे की घंटी बज गई है। क्योंकि शनिवार को दिल्ली की टक्कर मुंबई से होने वाली है। 

सूर्यकुमार ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मैच से पहले नेट्स पर काफी देर अभ्यास किया और उस तरह के हर शॉट्स लगाए, जिसके लिए वो जाने जाते हैं। वो बाकी खिलाड़ियों से पहले आए और एक घंटे तक बैटिंग की प्रैक्टिस की थी। 

सूर्या ने थ्रोडाउन एक्सपर्ट्स और स्पिनर कुमार कार्तिकेय के खिलाफ बल्लेबाजी मैदान के सभी हिस्सों में स्ट्रोक्स लगाए। इससे उम्मीद जग गई है कि वो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में उतर सकते हैं। 

यह भी पढ़ें: SRH vs CSK: 'मैं तो गेंदबाजी नहीं करना चाहूंगा..' अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी देख विश्व विजेता कप्तान भी डरा!

सूर्यकुमार यादव का पिछले आईपीएल में बल्ला जमकर बोला था। उन्होंने 600 से अधिक रन ठोके थे। उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक ठोके थे। सूर्यकुमार यादव ने आखिरी कॉम्पिटिटिव मैच दिसंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। तब उन्होंने तीसरे टी20 में 56 गेंद में 100 रन की पारी खेली थी। ये टी20 में उनका चौथा शतक था। इसी मैच के दौरान ही उनके टखने में चोट लग गई थी। वो 2022 और 2023 दोनों साल इंटरनेशनल टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए हैं। 

सूर्या की वापसी से मुंबई की बल्लेबाजी मजबूत होगी। वो मध्यक्रम में टीम को जरूरी फायर पावर देंगे और मुंबई की टीम को जीत की पटरी पर लौटा सकते हैं।