नई दिल्ली।  राजस्थान रॉयल्स के बैटर रोवमैन पॉवेल बीते गुरुवार (2 मई) को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए आईपीएल 2024 के मुकाबले में 15 गेंद में ताबड़तोड़ अंदाज में 27 रन ठोके थे। इसमें उन्होंने 3 चौके और एक छक्का मारा था। लेकिन, इस पारी के बावजूद भी राजस्थान की टीम 1 रन से मैच हार गई थी। 

रोवमैन पॉवेल ने 27 रन की पारी के दौरान राजस्थान की पारी के 17वें ओवर में मार्को यानसेन के खिलाफ एक जोरदार शॉट खेला था। गेंद गोली की रफ्तार से बल्ले से निकली थी। यानसेन ने इस गेंद को पकड़ने के लिए हाथ नहीं डाला। वहीं, फील्ड अंपायर यशवंत बर्डे भी बाल-बाल बचे। उनके पास बचने के लिए एक सेकेंड से भी कम का वक्त था। उन्होंने फुर्ती दिखाई और गेंद की लाइन से दूर हट गए। वर्ना चोटिल भी हो सकते थे। क्योंकि गेंद की रफ्तार गोली जैसी थी। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें साथी अंपायर अनिल चौधरी भी यशवंत बर्डे की फुर्ती की जमकर तारीफ कर रहे। 

मैच के बाद आईपीएल के एक्स हैंडल पर पॉवेल के इस बुलेट शॉट का वीडियो शेयर किया है। इसमें अंपायर यशवंत बर्डे को कहते सुना जा सकता था कि गेंद गोली की रफ्तार में मेरी तरफ आई, बस मैं बच गया। ये कोई पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी 23 मार्च को जब सनराइजर्स हैदराबाद की टक्कर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से हो रही थी। तब बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी ने सुयश शर्मा की गेंद पर जोरदार शॉट मारा था। गेंद सुयश के हाथ से छिटककर अंपायर के हाथों में जा लगी थी। बर्डे समय़ रहते दूर नहीं जा सके थे और उनकी पिंडली में चोट लग गई थी।